18 Apr 2024, 13:43:32 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » World

जापान में 17 सितंबर को चुना जायेगा नया प्रधानमंत्री

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Aug 31 2020 12:27AM | Updated Date: Aug 31 2020 12:27AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

टोक्यो। जापान में अगले प्रधानमंत्री के चुनाव के लिए सितंबर के दूसरे सप्ताह में संसद का आपातकालीन सत्र बुलाया जायेगा। समाचार एजेंसी क्योडो ने सरकारी सूत्रों के हवाले से रविवार को यह जानकारी दी। प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था जिसके बाद नये प्रधानमंत्री के चुनाव के लिए तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं और सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) में नेतृत्व संकट गहरा गया है।
 
क्योडो की रिपोर्ट के मुताबिक नये प्रधानमंत्री के चुनाव के लिए एलडीपी की बैठक संभवत: 14 सितंबर को हो सकती है। बैठक में 17 सितंबर को एलडीपी के नेता और देश के नये प्रधानमंत्री का चुनाव किया जायेगा। यह दूसरी बार है जब 65 वर्षीय आबे ने स्वास्थ्य कारणों से अपने पद से इस्तीफा दिया है। इससे पहले वर्ष 2007 में भी उन्होंने स्वास्थ्य कारणों से इस्तीफा दे दिया था। वर्ष 2012 के चुनाव में आबे भारी बहुमत के साथ पुन: सत्ता में लौटे थे।
 
आबे काफी समय से आंतों की बीमारी ‘अल्सरेटिव कोलाइटिस’  से पीड़ति हैं और इस सप्ताह के दौरान दो बार अस्पताल में भर्ती भी हो चुके हैं। यह बड़ी आंत की एक गंभीर बीमारी है, जिससे आबे किशोरावस्था से ही जूझ रहे हैं। इस बीमारी में बड़ी आंत की अंदरूनी परत में सूजन और जलन हो जाती है जिससे कई छोटे-छोटे छाले बनने लगते हैं। उन छालों और सूजन के कारण पेट-संबंधी परेशानियां होने लगती हैं जो पाचन तंत्र पर बुरा असर डालती हैं। इससे आंतों और मलाशय का कैंसर होने की आशंका भी होती है।
 
आबे का कार्यकाल सितंबर 2021 में समाप्त होने वाला था। आबे के नाम सबसे लंबे समय तक जापान का प्रधानमंत्री रहने का भी रिकार्ड है। उन्होंने यह रिकार्ड सोमवार को ही बनाया था।  कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी के कारण जापान की अर्थव्यवस्था की हालत काफी खराब है और वह ऐतिहासिक रूप से निचले स्तर पर है। प्रधानमंत्री आबे ने देश की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने का वादा किया था।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »