26 Apr 2024, 01:23:35 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

विश्व में कोरोना संक्रमितों की संख्या 70 लाख से पार, चार लाख से अधिक कालकवलित

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jun 8 2020 10:32AM | Updated Date: Jun 8 2020 10:35AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

जिनेवा/नई दिल्ली। विश्व मे कोरोना वायरस की महामारी से संक्रमित लोगों की संख्या 70 लाख से अधिक हो गयी है जबकि इसके संक्रमण से अब तक चार लाख से अधिक लोग काल के गाल में समा चुके हैं। अमेरिका की जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के विज्ञान एवं  इंजीनियरिंग केन्द्र के ताजा आंकड़ों के मुताबिक कोरोना वायरस से दुनिया भर में अब तक 70,07,948 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 4,02,709 लोगों  की मृत्यु हो चुकी है। कोरोना वायरस से प्रभावित होने के मामले में अमेरिका विश्व भर में पहले और ब्राजील दूसरे तथा रूस तीसरे स्थान पर है। दूसरी तरफ इस महामारी से हुई मौतों के आंकड़ों के हिसाब से अमेरिका पहले, ब्रिटेन दूसरे और ब्राजील तीसरे क्रम पर है। 

भारत में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के रिकॉर्ड 9983 नये मामले दर्ज किये गये हैं और अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 2,56,611 हो गई है। वहीं इस दौरान 206 लोगों की मृत्यु होने से  मृतकों की संख्या बढ़कर 7135 हो गई है। देश में इस समय कोरोना के 1,25,381 सक्रिय मामले हैं, जबकि 1,24,095 लोग इस महामारी से निजात पाने में कामयाब  हुए हैं। विश्व की महाशक्ति माने जाने वाले अमेरिका में कोरोना महामारी  से अब तक 19,42,978 लोग संक्रमित हो चुके हैं तथा 1,10,513 लोगों की मृत्यु  हो चुकी है। ब्राजील में अब तक 6,91,758 लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं और 36,455 लोगों की मौत हो चुकी है। 

रूस में भी कोविड-19 का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है और यहां इसके संक्रमण से अब तक 4,67,073 लोग प्रभावित हुए हैं  तथा 5851 लोगों ने जान गंवाई है। ब्रिटेन में भी हालात लगातार खराब होते जा रहे हैं। यहां अब तक इस महामारी से 2,87,621 लोग  संक्रमित हुए हैं तथा 40,625 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। यूरोपीय देश इटली में इस महामारी ने बहुत कहर बरपाया है। यहां अब तक इसके कारण 33,899 लोगों की मौत हुई है और 2,34,998 लोग इससे संक्रमित हुए हैं। स्पेन में अब तक 2,41,550 लोग संक्रमित हुए है जबकि 27,136 लोगों की मौत हो चुकी है। वैश्विक महामारी कोरोना के उद्गमस्थल चीन में अब तक 84,191 लोग संक्रमित हुए हैं  और 4638 लोगों की मृत्यु हुई है। 

यूरोपीय देश फ्रांस और जर्मनी में भी इस जानलेवा विषाणु के कारण स्थिति काफी खराब है। फ्रांस में अब तक 1,91,102 लोग इससे संक्रमित हुए हैं और 29,158 लोगों की मौत हो चुकी है। जर्मनी में कोरोना वायरस से 1,85,750 लोग संक्रमित हुए हैं और 8685 लोगों की मौत हुई है। तुर्की में कोरोना से अब तक 1,70,132 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 4692 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना वायरस से गंभीर रूप से प्रभावित खाड़ी देश ईरान में 1,71,789 लोग संक्रमित हुए हैं जबकि 8281 लोगों की इसके कारण मौत हुई है। मेक्सिको में 13,699 , बेल्जियम में 9595, कनाडा में 7877,  नीदरलैंड में 6032, पेरू में 5465, स्वीडन में 4659, इक्वाडोर में 3621,  स्विट्जरलैंड में 1921, आयरलैंड में 1679 और पुर्तगाल में 1479 लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा पड़ोसी देश पाकिस्तान में कोरोना से अब तक 98,943 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 2002 लोगों की मौत हो चुकी है।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »