29 Mar 2024, 02:14:42 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » World

इंडोनेशिया में बाढ़-भूस्खलन के कारण पांच मरे, करीब 10 हजार विस्थापित

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Feb 26 2020 5:46PM | Updated Date: Feb 26 2020 5:46PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

जकार्ता। इंडोनेशिया में वेस्ट जावा प्रांत के कारावांग जिले में बाढ़, भूस्खलन और चक्रवात के कारण पांच लोगों की मौत हो गयी और लगभग 10 हजार लोगों को अपने घर-बार छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी है। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी के प्रवक्ता अगुस विबोवो ने बुधवार को बताया कि प्राकृतिक आपदाओं के कारण तीन स्कूलों के भवन नष्ट हो गये और एक मस्जिद तबाह हो गयी। इसके अलावा 800 हेक्टेयर में खड़ी धान की फसल पानी में डूब गयी। बाढ़ के कारण जिले में 47670 नागरिक प्रभावित हुए हैं और 10 हजार से अधिक लोगों को उनके घरों से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
 
विस्थापितों के लिए अस्थायी टेंट बनाये गये हैं और रसद की आपूर्ति की जा रही है। इसके अलावा भोजन और कंबल जैसी आपदा सहायता भी भेजी गयी है। प्रवक्ता ने बताया कि आपदा राहत प्रयासों के लिए मार्ग प्रशस्त करने के वास्ते आज से 14 दिन के आपातकाल की घोषणा की गयी है। एजेंसी के प्रमुख डोनी मोनारडो ने आपदा प्रभावित इलाकों का दौरा किया ताकि समुचित आपदा राहत मुहैया करायी जा सके। इस बीच, प्रांतीय तलाश एवं बचाव अधिकारी जोशुआ बंजरनाहोर ने बताया कि संयुक्त बचाव दल ने महिलाओं और बच्चों समेत लगभग 200 लोगों को निकाला है। उन्होंने बताया कि सैनिक, पुलिसकर्मी तथा तलाश एवं बचाव कार्यालय और आपदा प्रबंधन एजेंसी के कर्मी बचाव अभियान में लगे हुए हैं।         
 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »