29 Mar 2024, 00:51:47 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

अमित शाह ने जनता से एक बार फिर भाजपा को विजयी बनाने का मांगा आशीर्वाद

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Aug 1 2021 7:17PM | Updated Date: Aug 1 2021 9:50PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

मिर्जापुर। विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ विन्ध्याचल से आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों का आगाज करते हुए केन्द्रीय गृहमंत्री अमीत शाह ने 2022 विधानसभा चुनावों में जनता से भाजपा को एक बार विजयी बनाने का आशीर्वाद मांगा। शाह ने कहा कि 2014 के बाद 2019 में भारी बहुमत देकर केन्द्र में मोदी की सरकार बनवाई थी और 2017 की तरह उत्तर प्रदेश में एक बार फिर से योगी की भाजपा की सरकार बनाने का आशीर्वाद दे।
 
गृह मंत्री शाह ने रविवार शाम यहां मां विन्ध्यवासिनी देवी धाम में 128 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले विन्ध्य कोरिडोर का भूमिपूजन कर शिलान्यास किया। उनके साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी थे। देवी के दर्शन पूजन के बाद राजकीय इंटर कालेज मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर तारीफ की और उन्हें एक अति सफल मुख्यमंत्री करार दिया।
 
उन्होंने सपा और बसपा पर चुटकी लेते हुए कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव और उनकी बुआ (मायावती) दोनों ने मिलकर जितना विकास नहीं उससे कई गुना ज्यादा योगी ने चार साल में करके दिखा दिया है। गृहमंत्री ने अपने आधे से ज्यादा के भाषण में उत्तर प्रदेश और योगी पर केन्द्रित रखा और केन्द्र सरकार पर कोई बात नहीं की।
 
शाह ने उत्तर प्रदेश में चल रही सड़क स्वास्थ्य सहित प्रदेश में चल रहे धार्मिक स्थलों अयोध्या काशी विश्वनाथ चित्रकूट मथुरा और प्रयागराज के विकास के लिए चल रही योजनाओं को गिनाया। उन्होंने कहा अखिलेश यादव दस मेडिकल कालेज छोड़कर गये थे। आज चालीस मेडिकल कॉलेज योगी ने तैयार कर दिए हैं। उन्होंने अपने सम्बोधन में पिछडो को रिझाने के लिए हाल ही में मेडिकल में प्रवेश में दिए गए आरक्षण को प्रमुखता से रखा और कहा कि योगी ने केन्द्र की सभी योजनाओं को लागू कर देश में पहला स्थान हासिल किया है। 
 
उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश माफियाओं से मुक्त है। भू-माफिया के साथ दंगा मुक्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के तीन नक्सल प्रभावित जिले मिर्जापुर, सोनभद्र और चंदौली नक्सल गतिविधियों के नक्शे से हट गए हैं। इस मौके पर सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मोदी और अमित शाह की शान में कसीदे गढ़ते हुए कहा कि प्रदेश के विकास में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा तथा गृहमंत्री का मार्ग दर्शन काम आया है। प्रदेश के विकास की सभी योजनाओं को उन्होंने ने गृहमंत्री के लिए एक तरह से छोड़ दिया था। मां विन्ध्यवासिनी के पीठ की धार्मिक अवधारणा को बताते हुए अमितशाह का स्वागत किया।
 
इससे पहले शाह ने मां विन्ध्यवासिनी का दर्शन पूजन किया। सारे धार्मिक कार्यक्रमों को स्थानीय भाजपा विधायक एवं पुरोहित रत्नाकर मिश्र और वाराणसी से आये विद्वान पुरोहितों ने सम्पन्न कराया। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मंदिर को पांच घंटे के लिए बंद करा दिया गया था। सभा को केन्द्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने भी संबोधित किया और अमित शाह और मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर सभी विधायक के साथ प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिह उपस्थित थे।  
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »