19 Apr 2024, 23:38:56 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Business

गिरावट से उबरा शेयर बाजार, सेंसेक्स 243 अंक चढ़ा

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jun 12 2020 5:16PM | Updated Date: Jun 12 2020 5:16PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

मुंबई। घरेलू शेयर बाजारों में आज भारी उतार-चढाव देखा गया। खुलते ही करीब 1,200 अंक लुढ़कने वाला बीएसई का सेंसेक्स आखिरी घंटे में हुई लिवाली के दम पर 242.52 अंक यानी 0.72 प्रतिशत की बढ़त में 33,780.89 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी शुरुआती गिरावट से उबरकर 70.90 अंक यानी 0.72 प्रतिशत की तेजी के साथ 9,972.90 अंक पर बंद हुआ। रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा  जैसी कंपनियों में लिवाली से बाजार हरे निशान में लौटने में कामयाब रहा।
 
यूरोपीय शेयर बाजारों में लौटी तेजी से भी घरेलू स्तर पर निवेशकों की धारणा मजबूत हुई। महिंद्रा के शेयर सात प्रतिशत और रिलायंस के साढ़े तीन प्रतिशत से अधिक चढ़े। ओएनजीसी में तीन प्रतिशत से अधिक की गिरावट रही। मझौली और छोटी कंपनियों में भी लिवाली का जोर रहा। बीएसई का मिडकैप 0.96 प्रतिशत की छलाँग लगाकर 12,600.15 अंक पर और स्मॉलकैप 0.13 फीसदी चढ़कर 11,845.27 अंक पर बंद हुआ।
 
अमेरिकी शेयर बाजारों में गुरुवार को छह से सात फीसदी की गिरावट से अन्य एशियाई बाजारों के साथ घरेलू शेयर बाजारों पर भी सुबह जबरदस्त दबाव देखा गया। चौतरफा बिकवाली के बीच सेंसेक्स 1101.68 अंक लुढ़ककर 32,436.69 अंक पर खुला और खुलते ही 32,348.10 अंक तक टूट गया। हालाँकि इसके बाद इसमें लगातार सुधार देखा गया।
 
आखिरी घंटे में यह हरे निशान में लौट आया। कारोबार की समाप्ति से पहले 33,856.27 अंक तक चढ़ने के बाद अंत में 33,780.89 अंक पर बंद हुआ। दिन भर के कारोबार में सेंसेक्स में डेढ़ हजार अंक से अधिक का उतार-चढ़ाव देखा गया। निफ्टी 351.05 अंक की गिरावट के साथ 9,544.95 अंक पर खुला और खुलते ही 9,544.35 अंक तक उतर गया।
 
सेंसेक्स की तरह इसका ग्राफ भी लगातार ऊपर की ओर बढ़ता गया। अंत में यह 9,972.90 अंक पर बंद हुआ। बीएसई में कुल 2,653 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें से 1,251 कंपनियों के शेयर बढ़त में और इतनों के ही शेयर गिरावट में रहे जबकि 151 कंपिनयों के शेयर दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद अपरिवर्तित बंद हुये। 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »