18 Apr 2024, 19:17:52 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

किसान विरोधी कानून देश के लिए खतरनाक : प्रियंका

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jan 28 2021 12:21AM | Updated Date: Jan 28 2021 12:21AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को कहा कि किसान विरोधी कानून सिर्फ किसानों के लिए नहीं बल्कि पूरे देश के लिए खतरनाक है। क्योंकि यह कानून सरकार ने अपने चंद पूंजीपति मित्रों को फायदा पहुंचाने के लिए बनाया है।

यूपी कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत अमेठी के दखिनवारा न्याय पंचायत में आयोजित बैठक को वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिये संबोधित करते हुये वाड्रा ने कहा कि किसान विरोधी कानून के कारण समूचे देश के किसानों के अस्तित्व पर संकट खड़ा हो गया है। यही कारण है कि पूरे देश का किसान पिछले 63 दिनों से राजधानी दिल्ली की सीमा पर कानून वापस लिये जाने की मांग को लेकर संघर्ष कर रहा है और अपने 157 साथियों को गंवा चुका है।

उन्होने कहा कि अमेठी से उनका राजनीतिक नहीं बल्कि परिवारिक रिश्ता है। संगठन निर्माण कांग्रेस की पहली प्राथमिकता है। संगठन के बल पर पार्टी सरकार की गलत नीतियों का मजबूती के साथ विरोध कर सकती है तथा किसानों, बेरोजगारों और मंहगाई के खिलाफ एक मजबूत निर्णायक लड़ाई लड़ सकती है।

प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता बृजेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि कांग्रेस संगठन को ग्राम पंचायत स्तर तक मजबूत करने और धारदार बनाने के क्रम में न्याय पंचायत कमेटियों के गठन के लिए सम्मेलनों का आयोजन कर रही है। यह कार्यक्रम प्रदेश के सभी 75 जिलों तथा सभी 826 ब्लाकों के सभी न्याय पंचायत स्तर तक चल रहा है। अब तक लगभग 90 प्रतिशत से अधिक न्याय पंचायतों का गठन हो चुका है।

न्याय पंचायतों के सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी, पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व मंत्री आरके चौधरी, विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना, विधान परिषद दल के नेता दीपक सिंह, पूर्व सांसद राजा राम पाल, पूर्व सांसद पीएल पुनिया सरीखे वरिष्ठ नेता और पार्टी के सभी पदाधिकारी शामिल हो रहे हैं और कार्यकर्ताओं का हौसला आफजाई कर न्याय पंचायतों के गठन में जिलावार नियुक्त प्रभारियों की मदद में जुटे हुए हैं।

उन्होने बताया कि संगठन सृजन अभियान के तहत हर न्याय पंचायत में आने वाले ग्राम पंचायतों से 11-11 सदस्यों की सूची उनके पते एवं मोबाइल नम्बर के साथ प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय मंगाई जा रही है। कार्यकर्ताओं को कांग्रेस की नीतियों, कार्यक्रमों एवं आन्दोलनों के बारे में पूरी जानकारी पहुंचायी जा रही है। केन्द्र की भाजपा सरकार द्वारा बनाये गये तीनों काले कृषि कानूनों की कमियों को जनता के बीच पहुंचाया जा रहा है तथा चरम पर पहुंची मंहगाई और बेरोजगारी आदि समस्याओं के लिए जनविरोधी भाजपा सरकार के चेहरे को आम जनता के समक्ष बेनकाब करने का काम कार्यकर्ता कर रहे हैं। इसी क्रम में वाड्रा ने 26 जनवरी को रायबरेली जिले के राही ब्लाक के राही न्याय पंचायत में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित किया वहीं आज अमेठी के जामों ब्लाक के दखिन वारा न्याय पंचायत में मौजूद कार्यकर्ताओं को सम्बोधित किया।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »