श्रीनगर। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के नये उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने अपने शपथ ग्रहण समारोह से पहले राज भवन के बजाय राज्य के अतिथि गृह में ठहरकर सार्वजनिक जीवन में एक नया उच्च मानदंड स्थापित किया है। आधिकारिक सूत्रों ने यूनीवार्ता को बताया कि सिन्हा के गुरुवार को श्रीनगर हवाई अड्डे पर आगमन के बाद मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और अन्य वरिष्ठ नागरिक और पुलिस अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने हवाई अड्डे से राजभवन जाने से इनकार कर दिया। इसके बजाय उन्होंने हालात का जायजा लेने के मद्देनजर सड़क यात्रा को तरजीह दी।
कुछ वरिष्ठ अधिकारियों ने जब सिन्हा से राजभवन में ठहरने का आग्रह किया तो उन्होंने शपथ ग्रहण से पहले वहां विश्राम करने से इन्कार कर दिया। मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में रेल राज्य मंत्री रहे मनोज सिन्हा को केंद्र शासित प्रदेश के उप राज्यपाल के रूप में चुना जाना मीडिया और राजनीतिक गलियारे के लिये आश्चर्य भरा रहा। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर लोकसभा सीट से तीन बार सांसद रहे मनोज सिन्हा ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान से बी-टेक और एम-टेक किया है। वह काशी हिंदू विश्वविद्यालय के छात्र संघ अध्यक्ष भी रह चुके हैं।