29 Mar 2024, 20:52:08 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

आपदा एवं चुनौतियों के दौरान कसौटी पर खरा उतरा परिवहन निगम : योगी

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jul 16 2020 5:46PM | Updated Date: Jul 16 2020 5:47PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य सड़क परिवहन निगम को संकट का साथी बताते हुए कहा कि वैश्विक महामारी कोविड-19 की आपदा एवं चुनौतियों से जूझते हुए परिणाम दे पाना यह किसी भी संस्था के लिए एक बहुत बड़ी कसौटी है और इस कसौटी पर परिवहन निगम खरा उतरा है। योगी ने गुरूवार को यहां अपने सरकारी आवास पर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम द्वारा तैयार किये गये छह बस स्टेशनों का लोकार्पण एवं सात बस स्टेशनों का शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने परिवहन निगम की बसों को झण्डी दिखाकर रवाना किया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की कोशिश है कि राज्य की जनता को अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त ट्रांसपोर्ट सुविधाएं प्रदान की जाय। कोविड-19 को लेकर जब लॉकडाउन की कार्रवाई प्रारम्भ हुई थी, तब परिवहन निगम ने आपदा में कामगारों-श्रमिकों को गंतव्य तक पहुंचाने का जो कार्य किया है, वह अत्यन्त सराहनीय है। मात्र 48 घण्टे में साढ़े तीन से चार लाख लोगों को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने का कार्य किया गया। उन्होंने कहा कि राजस्थान के कोटा में प्रदेश के विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, जिनकी परिवहन निगम द्वारा सुरक्षित घर वापसी करायी गयी।  

मुख्यमंत्री ने कहा कि विशेष श्रमिक ट्रेनों के संचालन के लिए उत्तर प्रदेश प्रधानमंत्री तथा रेल मंत्री जी का आभारी है। कामगारों एवं श्रमिकों को स्टेशनों से सुरक्षित घर पहुंचाने के लिए परिवहन निगम ने बसों की सेवाएं प्रदान की, जिससे प्रदेश के लगभग 35 लाख लोगों को सुरक्षित परिवहन की सेवाएं प्राप्त हुईं।

उन्होंने कहा कि  सरकार ने लोगों की अपेक्षाओं के अनुरूप बस अड्डों को भी हवाई अड्डों की तर्ज पर विकसित करने का कार्य किया। हम कोविड-19 से भी लड़ेंगे और विकास का पहिया भी नहीं रुकने देंगे। परिवहन निगम कोविड-19 के दृष्टिगत अपने कार्यां को आगे बढ़ा रहा है। संक्रमण को रोकने के मद्देनजर मास्क, ग्लव्स तथा सेनिटाइजर को अनिवार्य रूप से सभी के लिए जरूरी किया गया है। इस अवसर पर परिवहन राज्य मंत्री अशोक कटारिया ने कहा कि परिवहन विभाग निरन्तर नित नये आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों/कामगारों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने में परिवहन निगम ने उल्लेखनीय कार्य किया है।

योगी ने इस अवसर पर नवनिर्मित बस स्टेशनों नैमिषारण्य (सीतापुर), चित्रकूट (चित्रकूट), बस शेल्टर रूधौली (बस्ती), बस शेल्टर मनकापुर (गोण्डा), बस स्टेशन डिबाई (बुलन्दशहर), अवध बस स्टेशन अयोध्या मार्ग (लखनऊ) का लोकार्पण तथा गुरसहायगंज (कन्नौज), बस स्टेशन जालौन (जालौन), बस स्टेशन कांठ (मुरादाबाद), बस स्टेशन दिबियापुर (औरैया), बस स्टेशन अलीगंज (एटा), बस स्टेशन बदलापुर (जौनपुर), बस स्टेशन चायल (कौशाम्बी) का शिलान्यास किया।

इस अवसर पर सांसद  कौशल किशोर, विधायक अविनाश त्रिवेदी, मुख्य सचिव आर0के0 तिवारी, अपर मुख्य सचिव सूचना एवं गृह अवनीश कुमार अवस्थी, प्रमुख सचिव परिवहन आर0के0 सिंह, सूचना निदेशक शिशिर समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »