19 Apr 2024, 20:20:48 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

बड़ी खबर : कुछ ही देर में होगा शिवराज मंत्रिमंडल का विस्तार

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jul 2 2020 10:31AM | Updated Date: Jul 2 2020 10:32AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

भोपाल। मध्यप्रदेश की तीन माह से अधिक पुरानी शिवराज सिंह चौहान सरकार का बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार आज सुबह 11 बजे होगा और लगभग 28 मंत्रियों को शपथ दिलायी जाएगी। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार शपथ ग्रहण समारोह के लिए राजभवन में तैयारियां पूरी हो गयी हैं। कोरोना संक्रमण के मद्देनजर चुनिंदा और संबंधित लोगों को ही शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित किया गया है। 

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल नए मंत्रियों को शपथ दिलाएंगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री चौहान के अलावा भाजपा उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी डॉ विनय सहस्त्रबुद्धे, पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और अन्य नेता भी मौजूद रहेंगे। 

विधानसभा में सदस्य संख्या के मान से राज्य में अधिकतम 35 मंत्री हो सकते हैं, जिनमें मुख्यमंत्री भी शामिल हैं। वर्तमान में मुख्यमंत्री समेत छह मंत्री हैं। इस तरह अधिकतम 29 लोगों को मंत्री पद की शपथ दिलायी जा सकती है, लेकिन मौजूदा राजनैतिक हालातों के बीच 28 मंत्रियों को शपथ दिलायी जा रही है।

सूत्रों के अनुसार लगभग 28 नेताओं को मंत्री पद की शपथ दिलायी जा रही है, जिनमें सिंधिया समर्थक नेताओं की संख्या लगभग दस है। उनके समर्थक गोविंद राजपूत और तुलसी सिलावट पहले ही राज्य मंत्रिमंडल में स्थान पा चुके हैं। शेष पदों के लिए भाजपा नेताओं के बीच दिल्ली और भोपाल में कई दौर की चर्चाओं के बाद नाम तय हुए हैं।

सिंधिया भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए यहां पहुंच रहे हैं। सिंधिया दिन में ढाई बजे प्रदेश भाजपा मुख्यालय पहुंचेंगे, जहां कुछ कांग्रेस नेता भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। इसके बाद सिंधिया सीधे मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे, जहां वे उनके समर्थक 22 पूर्व विधायकों से अलग अलग चर्चा करेंगे। 

वे प्रत्येक पूर्व विधायक को 15 - 15 मिनट देंगे। वे रात्रि विश्राम गेस्ट हाउस में करने के बाद कल सुबह प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचेंगे। वे दिन में प्रदेश भाजपा सरकार के एक सौ दिन पूरे होने पर वर्चुअल रैली को संबोधित करेंगे। सिंधिया इसके बाद कुछ समय और प्रदेश भाजपा कार्यालय में बिताकर राजकीय विमानतल जाएंगे और विशेष विमान से दिल्ली रवाना हो जाएंगे।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »