रांची। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर आज दोपहर वायुसेना के विमान से रांची पहुंचे। राष्ट्रपति कोविंद का यहां बिरसा मुंडा हवाईअड्डे पर राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, महापौर आशा लकड़ा, मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग के प्रधान सचिव अजय कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक कमल नयन चौबे, दक्षिणी छोटानागपुर के आयुक्त तथा रांची के उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक समेत कई आला अधिकारी और सेना के अधिकारियों ने स्वागत किया ’ कोविंद आज शाम रांची के चेरी मनातू स्थित सेंट्रल यूनिवर्सिटी के प्रथम दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे और विश्वविद्यालय के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करेंगे। वह शनिवार को गुमला जिले के विशुनपुर में विकास भारती के कार्यक्रम में शामिल होंगे और उसके बाद देवघर के लिए रवाना हो जाएंगे। देवघर में बाबा वैद्यनाथ की पूजा-अर्चना के बाद रांची लौट जाएंगे। रविवार की सुबह राष्ट्रपति रांची से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।