29 Mar 2024, 01:35:57 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

उप्र आत्मनिर्भर प्रदेश की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है : दिनेश शर्मा

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jan 28 2021 12:33AM | Updated Date: Jan 28 2021 12:33AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने कहा है कि प्रदेश आत्मनिर्भर राज्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और इससे प्रदेश की दिशा और दशा दोनों तेजी से बदल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में रोजगार एवं उद्यम के नए मार्ग खुल रहे हैं। उत्तर प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों में तेजी से वृद्धि हो रही है और प्रदेश रोजगार परक प्रदेश की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में युवाओं को पिछले लगभग 04 वर्षों में पारदर्शी तरीके से लगभग 04 लाख नौकरियां प्राप्त हुए हैं, इसके साथ ही लाखों की संख्या में अप्रत्यक्ष रोजगार का सृजन किया गया है। प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं के लिए मुफ्त कोचिंग की व्यवस्था भी प्रारंभ की गई है। 

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश बदल रहा है और प्रदेश में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। प्रदेश की शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में आमूलचूल परिवर्तन आया है। उत्तर प्रदेश में बिजली, पानी, सड़क, शौचालय, गैस आदि अन्य आधारभूत सुविधाओं की दिशा में तेजी से कार्य किया गया है। प्रदेश की मजबूत कानून व्यवस्था की वजह से प्रदेश से अराजकता समाप्त हो गई है। प्रदेश अपराध और आतंकवाद से मुक्त हो गया है। प्रदेश में मिशन शक्ति अभियान चलाकर महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया गया है।

शर्मा ने आज यहां अवध शिल्पग्राम में आयोजित उत्तर प्रदेश दिवस के समापन समारोह के अवसर अपने सम्बोधन मे कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने 24 जनवरी 2018 से यूपी दिवस को मनाए जाने का निर्णय किया। इस वर्ष ‘‘आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश- युवा, महिला एवं किसान’’ की थीम पर आधारित उत्तर प्रदेश दिवस में प्रदेश की विकास गाथा को पिरोने का कार्य किया गया है। यह केवल एक आयोजन नहीं है अपितु सरकार के सभी विभागों द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा का अवसर भी है।

इस अवसर पर शर्मा ने कहा कि आज का भारत आत्मनिर्भर भारत है और इसका उदाहरण कोरोना संक्रमण काल में देखा गया। कोरोना संक्रमण के खात्मे के लिए देश में बनाई गई वैक्सीन से जहां देश में वैक्सीनेशन का कार्य किया जा रहा है वहीं विश्व के कई देशों को भी उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बेहतरीन रणनीति द्वारा उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण के प्रकोप को कम से कम किया गया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के हित में प्रदेश सरकार तेजी से कार्य कर रही है जिससे प्रदेश में कृषि के क्षेत्र में युगांतकारी परिवर्तन आया है। खेती और खेती से जुड़े हुए लोगों को समृद्ध बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए हैं जो अन्य प्रदेशों के लिए आदर्श बन रहे हैं। प्रदेश में जैविक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है और जैविक खेती तथा खेती को व्यवसाय से जोड़ने वालों की आय में कई गुना वृद्धि हुई है।

सरकार द्वारा उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस को इतने भव्य तरीके से मनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सांस्कृतिक एवं कलात्मक दृष्टि से बदल रहा है जहॉ पर सभी नागरिकों को समान रूप से आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ने उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक विरासत एवं हमारे ऐतिहासिक महानुभावों का क्रमबद्ध तरीके से वर्णन किया। 

संस्कृति मंत्री डॉ0 नीलकंठ तिवारी ने प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदेश के जनमानस तक पहुँचाने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित किये गये विभिन्न उत्सवों यथा अयोध्या के दीपोत्सव, बनारस में देव दीपावली एवं मथुरा में कृष्णोत्सव जैसे त्यौहारों के लिए प्रदेश सरकार एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को कोटि-कोटि धन्यवाद दिया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने श्रम विभाग द्वारा संचालित संत रविदास शिक्षा सहायता योजना के तहत लाभार्थियों को साइकिल देकर पुरस्कृत किया। इसके साथ ही चिकित्सा सुविधा योजना के लाभार्थियों को भी इस अवसर पर तीन हजार रूपये के चेक प्रदान किये गये।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »