18 Apr 2024, 13:34:04 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

प्रदेश अध्यक्ष पर हमले के विरोध में कांग्रेस का 12 घंटों का त्रिपुरा बंद

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jan 18 2021 12:11AM | Updated Date: Jan 18 2021 12:12AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

अगरतला। त्रिपुरा प्रदेश कांग्रेस ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पीयूष कांति विश्वास पर सिपाहीजला जिले के विशालगढ़ में जानलेवा हमला, कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति और राज्य सरकार की समग्र विफलता के विरोध में सोमवार को 12 घंटे की हड़ताल का आव्‍हान किया है। विश्वास पर रविवार को हुए हमले में उनका वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और छह लोगों को गंभीर चोटें आई। इस घटना को लेकर विपक्षी दलों ने भाजपा-आईपीएफटी सरकार पर राज्य में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का आरोप लगाया।

पुलिस ने कहा कि भाजपा के कुछ अज्ञात बदमाशों के खिलाफ  विश्वास द्वारा दर्ज करायी गई शिकायत के आधार पर जांच शुरू की गई है। रिपोर्ट के अनुसार, जिले में पार्टी के वर्चस्व को लेकर भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष नाबादल बानिक की सीधी भागीदारी से उग्र कार्यकर्ताओं ने  विश्वास पर हमला किया।

प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष तापस डे ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ भाजपा अपने कुशासन के कारण जमीन खो देने के बाद गुटबाजी से त्रस्त हो गयी है और कांग्रेस अध्यक्ष पर हमला विशालगढ़ में नाबादल बानिक की ताकत दिखाने के लिए किया गया। दुर्भाग्य से सच जानने और हमले की योजनापता चलने के बावजूद पुलिस ने इसे रोकने का कोई उपाय नहीं किया। इसके बजाय उन्होंने पार्टी अध्यक्ष को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के लिए गंतव्य तक पहुंचने से रोक दिया।

उन्होंने कहा कि भाजपा में आंतरिक कलह और मुख्यमंत्री विप्लव कुमार देव के खिलाफ बड़े पैमाने पर असंतोष के कारण, प्रशासन का कामकाज शून्य हो गया है, सभी विकास बंद हो गए हैं और पूरा राज्य माफियाओं के शासन में आ गया है। अपराधियों और माफियाओं को मुख्यमंत्री के संरक्षण के कारण पुलिस असहाय हो गयी है।

उन्होंने कहा, ‘‘आज की घटना भी पुलिस की मौजूदगी में हुई लेकिन वे उन्हें रोकने की हिम्मत नहीं कर रहे थे। बदमाशों ने दिन के उजाले में सड़क पर वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया और  विश्वास और पार्टी के नेताओं पर पुलिस की मौजूदगी में हमला किया। कांग्रेस अध्यक्ष पर हमले, कानून और व्यवस्था बिगड़ने, बेरोजगारी और राज्य सरकार की अपने चुनावी वादों का पालन करने में विफलता के विरोध में कांग्रेस ने त्रिपुरा में 12 घंटे की हड़ताल का आव्‍हान किया है और लोगों से आंदोलन में भाग लेने तथा सरकार को कानून के अनुसार काम करने के लिए मजबूर करने का आग्रह किया।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »