भोपाल। आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश के लिये शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे प्रमुख बिन्दुओं पर 10 अगस्त को देश के विषय-विशेषज्ञों के साथ वेबीनार के माध्यम से विचार-विमर्श किया जायेगा। आधिकारिक जानकारी के अनुसार वेबिनार का शुभारंभ केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक करेंगे।
वेबिनार के समापन सत्र में केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन शामिल होंगे। प्रात: 11 बजे प्रारंभ होने वाले प्रारंभिक सत्र में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, मंत्रि-परिषद् के सदस्य, शिक्षा और स्वास्थ्य के विषय विशेषज्ञ सहित प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होकर अपने विचार साझा करेंगे।
शिक्षा और स्वास्थ्य के वेबीनार में मंत्रीगण गोपाल भार्गव, तुलसीराम सिलावट, श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया, श्रीमती इमरती देवी, डॉ. प्रभुराम चौधरी, ओमप्रकाश सकलेचा, उषा ठाकुर, मोहन यादव, इंदर सिंह परमार, रामकिशोर कांवरे, बृजेन्द्र सिंह यादव और सुरेश धाकड़ भी अपने सुझाव साझा करेंगे।
इसके साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारी भी अपने विचार रखेंगे। इस वेबीनार में दो सत्र आयोजित होंगे। पहला सत्र प्रात: 11 बजे से दोपहर 2.15 बजे तक चलेगा। इस सत्र में मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस और अपर मुख्य सचिव मोहम्मद सुलेमान भी संबोधित करेंगे। दूसरा सत्र दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा।