इंदौर। मध्यप्रदेश के कोरोना हॉटस्पॉट इंदौर शहर में आज कोविड-19 से संक्रमित एक गर्भवती महिला ने दो जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। यहां शासकीय एम टी एच अस्पताल में ‘नार्मल डिलेवरी’ (सामान्य प्रसाव) से गूंजी संकुन दायक किलकरियां के बाद जच्चा और बच्चा का स्वास्थ्य बिल्कुल सामान्य बताया जा रहा है। अस्पताल के प्रभारी डॉ. सुमित शुक्ला ने बताया कि 35 वर्षीय गर्भवती महिला की जांच कोविड-19 के प्राथमिक लक्षण पाये जाने पर की गयी थी।
बीते दस मई को महिला के संक्रमित पाये जाने पर उसे अस्पताल में रख कर आगामी 17 मई तक उपचार किया गया। तद्पश्चात महिला के स्वास्थ्य में सकारत्मक सुधार होता देख उसे भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के दिशा निर्देशों के अनुसार अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी थी। आज सुबह उसे प्रसाव पीड़ा होने पर यहां अस्पताल में दाखिल किया गया। जहां उसने दो जुड़वा बच्चों को सामान्य प्रसव से जन्मा। डॉ. शुक्ला के अनुसार दोनों जुड़वा बच्चों का वजन क्रमश: 1 किलो 600 ग्राम और 1 किलो 700 ग्राम है।
जिसके आधार पर कहा जा सकता है कि भले ही बच्चे समय के पहले जन्में हैं लेकिन इसका प्रतिकूल प्रभाव उनके स्वास्थ्य पर नही पड़ेगा। अस्पताल प्रभारी ने पूछे जाने पर बताया कि महिला का कोविड-19 का सेंम्पल आगामी दिनों में लिया जाएगा। यदि महिला जांच में संक्रमित पायी जाती है, तब इस स्थिति में उसके दोनो नवजात शिशुओं की भी कोविड-19 की जांच की जाएगी।