28 Mar 2024, 16:57:20 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

ओलम्पिक की नई तारीखें इसी सप्ताह : योशिरो मोरी

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Mar 30 2020 5:53PM | Updated Date: Mar 30 2020 5:53PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

टोक्यो। टोक्यो 2020 आयोजन समिति के अध्यक्ष योशिरो मोरी ने सोमवार को कहा कि कोरोना वायरस के कारण 2021 तक स्थगित किये गए टोक्यो ओलम्पिक के लिए नयी तारीखों की घोषणा इसी सप्ताह की जायेगी। आधुनिक ओलम्पिक के 124 वर्षों के इतिहास में यह पहला मौका है जब इन खेलों को स्थगित किया गया है। जापान ने इन खेलों की तैयारियों में करीब 13 अरब डॉलर खर्च किये गए हैं और घरेलू प्रयोजन से तीन अरब डॉलर जुटाए गए हैं।
 
मोरी ने आयोजन समिति की बैठक में कहा कि खेलों की नयी तारीखें के बारे में जल्दी फैसला किया जाना चाहिए। खेलों को स्थगित किये जाने के बाद आयोजन समिति की यह पहली बैठक थी। मोरी को उम्मीद है कि नयी तारीखों के बारे में उनकी अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) के अध्यक्ष थामस बाक से इस सप्ताह बात होगी। जापान के पूर्व प्रधानमंत्री मोरी ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि बाक इस सप्ताह उन्हें फोन करेंगे।
 
इस बीच यह संभावना जताई जा रही है कि ओलम्पिक अगले वर्ष 23 जुलाई से शुरू हो सकते हैं और इनका समापन समारोह आठ अगस्त को हो सकता है। मोरी ने कल कहा था कि ओलंपिक खेलों को 2021 में गर्मियों में कराया जाना है और ऐसे में इसे जून से सितंबर के बीच कराया जा सकता है। 
 
आईओसी और जापान आयोजक टोक्यो ओलम्पिक के लिए अगले साल जुलाई में उद्घाटन समारोह की तारीख तय करने के अंतिम चरण में हैं जबकि जापानी मीडिया के अनुसार उद्घाटन समारोह 23 जुलाई को और समापन समारोह आठ अगस्त को हो सकता है जो ओलम्पिक के मूल कार्यक्रम से एक दिन पहले के दिन हैं। टोक्यो ओलम्पिक को इस वर्ष 24 जुलाई से शुरू होना था और इसका समापन नौ अगस्त को होना था। मोरी ने साथ ही कहा कि समिति इस बात पर भी विचार कर रही है कि 2020 खेलों के लिए खरीदे गए टिकट को नयी तारीखों में वैध समझा जाए या फिर टिकटों की कीमत लौटाई जाए।  
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »