जमशेदपुर। जमशेदपुर एफसी ने रविवार को जेआरडी टाटा स्पोटर्स कॉम्पलेक्स मैदान पर खेले गए हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के छठे सीजन के अपने 12वें दौर के मुकाबले में केरला ब्लास्टर्स को 3-2 से हरा दिया। इस मैच से हासिल तीन अंकों के साथ जमशेदपुर एफसी अंक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गया है। साथ ही उसने बीते तीन मैचों से चला आ रहा हार का क्रम भी तोड़ दिया है। दूसरी ओर, ब्लास्टर्स को लगातार दो जीत के बाद हार मिली है। इस सीजन के पहले मुकाबले में ब्लास्टर्स ने जमशेदपुर को 2-0 से हराया था।
यह मैच हालांकि 2-2 की बराबरी पर समाप्त होता दिख रहा था लेकिन ब्लास्टर्स के कप्तान बार्थोमोलोव ओग्बेचे के आत्मघाती गोल ने जमशेदपुर को खुशी मनाने का मौका दे दिया। ओग्बेचे ने 86वें मिनट में आत्मघाती गोल किया। 56वें मिनट में ओग्बेचे ने गोल करते हुए ब्लास्टर्स को 2-1 से आगे कर दिया था लेकिन सर्गियो कास्टेल ने 75वें मिनट में हासिल पेनाल्टी पर गोल कर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया था।
पहला हाफ 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। मैच का पहला गोल केरला ब्लास्टर्स के लिए मेसी बाउली ने 11वें मिनट में किया जबकि नोए एकोस्टा ने 39वें मिनट में गोल करते हुए स्कोर बराबर कर दिया। 15वें मिनट में हालांकि मेसी को ब्लास्टर्स का स्कोर 2-0 करने का मौका मिला था लेकिन वह चूक गए।
इस बीच 24वें मिनट में जमशेदपुर के स्टार खिलाड़ी टिरी चोट के कारण मैदान से बाहर जाने को मजबूर हुए। टिरी को स्कैन के लिए सीधे अस्पताल ले जाया गया। वैसे मैच की शुरुआत ही फाउल के साथ हुई थी। अभी 30 सेकेंड भी नहीं बीते थे कि जमशेदपुर के जॉयनर लारेंसो को मोहमादोउ के खिलाफ फाउल करने पर पीला कार्ड मिला।