नई दिल्ली। जापान के टोक्यो में 2020 में ओलिंपिक खेलों के बाद होने वाले पैरालिंपिक का काउंटडाउन रविवार से शुरू हो गया और भारत ने टोक्यो पैरालिंपिक में दोहरी पदक संख्या का लक्ष्य रखा है। भारतीय पैरालिंपिक समिति (पीसीआई) ने टोक्यो पैरालिंपिक के काउंटडाउन के मौके पर रविवार को राजधानी में एक समारोह रखा, जिसमें पीसीआई ने अपने कई पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर देश के सर्वोच खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न से सम्मानित पैरा एथलीट देवेंद्र झाझरिया और 29 अगस्त को खेल रत्न से सम्मानित होने जा रहीं दीपा मलिक मौजूद थीं।
भारत ने 2016 के पिछले रियो पैरालिंपिक में दो स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य सहित चार पदक जीते थे। पीसीआई के अंतरिम अध्यक्ष गुरशरण सिंह ने इस मौके पर कहा, आज से ठीक एक साल बाद 25 अगस्त 2020 को टोक्यो में पैरालिंपिक शुरू होंगे। टोक्यो पैरालिंपिक का काउंटडाउन शुरू हो चुका है और हमने टोक्यो में रियो से ज्यादा दोहरी पदक संख्या का लक्ष्य रखा है। गुरशरण ने कहा, भारत ने पहली बार पैरालिंपिक में 1968 में हिस्सा लिया था। भारत उसके बाद से अब तक कुल 11 पदक जीत चुका है, लेकिन हम टोक्यो में एक ही पैरालिंपिक में 11 से ज्यादा पदक जीतने का लक्ष्य रखकर चल रहे हैं। हमारे पैरा एथलीट कड़ी मेहनत कर रहे हैं और खिलाड़ियों को किसी चीज की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।