18 Apr 2024, 10:32:46 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

खेल रत्न के लिए नामित होना गर्व की बात : कप्तान रानी

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jun 3 2020 5:40PM | Updated Date: Jun 3 2020 5:40PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

बेंगलुरु। भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी ने देश के सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न अवॉर्ड के लिए नामित होने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा है कि यह उनके लिए बड़े गर्व की बात है। हॉकी इंडिया ने मंगलवार को खेल रत्न के लिए रानी को नामित किया था जबकि वंदना कटारिया और मोनिका को अर्जुन अवॉर्ड के लिए नामित किया था। इसके अलावा पुरुष टीम से डिफेंडर हरमनप्रीत सिंह का नाम अर्जुन अवॉर्ड के लिए खेल मंत्रालय को भेजा था। पद्मश्री अवॉर्ड से सम्मानित रानी ने कहा, ‘‘खेल रत्न अवॉर्ड के लिए नामित होने पर मुझे गर्व महसूस हो रहा है। मैं इस बात से अभिभूत हूं कि हॉकी इंडिया ने देश के शीर्ष खेल पुरस्कार के लिए मेरे नाम की सिफारिश की है। उनका सहयोग हमेशा टीम और मुझे प्रोत्साहन देता है।
 
रानी ने अर्जुन अवॉर्ड के लिए नामित वंदना और मोनिका को बधाई देते हुए कहा, यह काफी अच्छा है कि महिला टीम से दो खिलाड़ियों के नाम अर्जुन अवॉर्ड के लिए नामित किए गए हैं। मैं वंदना और मोनिका को इसके लिए बधाई देती हूं। दोनों खिलाड़ी इसकी हकदार हैं। महिला टीम से दो खिलाड़ियों के नाम अर्जुन अवॉर्ड के लिए जाना यह दर्शाता है कि टीम सही दिशा में है और यह हमें विश्वस्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरणा देगा। 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »