29 Mar 2024, 11:42:51 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

शेफाली की आतिशी पारी से भारत ने बनाए 142

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Feb 24 2020 7:24PM | Updated Date: Feb 24 2020 7:24PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

पर्थ। 16 साल की युवा ओपनर शेफाली वर्मा की 39 रन की आतिशी पारी की बदौलत भारत ने आईसीसी महिला टी-20 विश्वकप क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को बंगलादेश के खिलाफ 20 ओवर में छह विकेट पर 142 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बना लिया। बड़े शॉट खेलने के लिए मशहूर शेफाली ने मात्र 17 गेंदों पर दो चौके और चार छक्के लगाते हुए 39 रन बनाए। उन्होंने तानिया भाटिया (2) के साथ पहले विकेट के लिए 16 रन और जेमिमा रॉड्रिग्स (34) के साथ दूसरे विकेट के लिए 37 रन की साझेदारी की। शेफाली छठे ओवर में टीम के 53 के स्कोर पर आउट हुईं। शेफाली ने पारी के पहले ही ओवर में जहांआरा आलम की पांचवीं गेंद पर छक्का जड़ दिया। उन्होंने दूसरे ओवर में सलमा खातून पर भी छक्का उड़ाया। हालांकि इस ओवर में तानिया भाटिया आउट हो गयीं लेकिन शेफाली पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। उन्होंने तीसरे ओवर में जहांआरा की गेंदों पर दो चौके और एक छक्का लगाया।
 
शेफाली ने छठे ओवर में पन्ना घोष पर छक्का मारा और इसी ओवर की तीसरी गेंद पर वह आउट हो गयीं। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 11 गेंदों में आठ रन बनाए। उनका विकेट 78 के स्कोर पर गिरा। जेमिमा 37 गेंदों में दो चौकों और एक छक्के की मदद से 34 रन बनाकर चौथे बल्लेबाज के रुप में 92 के स्कोर पर पवेलियन लौटी। बंगलादेश के गेंदबाजों ने भारत की तूफानी शुरुआत के बाद अच्छी वापसी की और भारत को 20 ओवर में 142 रन तक रोक दिया। रिचा घोष ने 14 गेंदों में दो चौकों की मदद से 14 रन और वेदा कृष्णामूर्ति ने 11 गेंदों में चार चौकों के सहारे नाबाद 20 रन बनाए। कृष्णामूर्ति ने 18वें ओवर में नाहिदा अख्तर की गेंदों पर तीन चौके उड़ाए। इस ओवर में 15 रन पड़े और भारत के स्कोर को गति मिल गयी। वरना 17 ओवर की समाप्ति तक भारत का स्कोर 114 रन था। शिखा पांडे सात रन पर नाबाद रहीं। भारत ने गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने पिछले मुकाबले में 132 रन बनाए थे। भारत के 142 रन इस टूर्नामेंट में अब तक किसी टीम का सर्वाधिक स्कोर है। बंगलादेश की तरफ से कप्तान सलमा ने 25 रन पर दो विकेट और पन्ना घोष ने 25 रन पर दो विकेट लिए।  
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »