18 Apr 2024, 17:53:10 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

कुश्ती प्रतियोगिता : बजरंग और रवि कांस्य के लिए खेलेंगे, दिलाया ओलम्पिक कोटा

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Sep 19 2019 9:28PM | Updated Date: Sep 19 2019 9:30PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नूर सुल्तान। विश्व के नंबर एक पहलवान बजरंग पुनिया (65) और रवि कुमार (57) यहां चल रही विश्व कुश्ती प्रतियोगिता में गुरूवार को अपने-अपने फ्रीस्टाइल वजन वर्ग के सेमीफाइनल में हारने के बाद अब कांस्य पदक मुकाबले में उतरेंगे। इसके साथ ही दोनों ने देश को 2020 टोक्यो ओलम्पिक का कोटा दिला दिया है। भारत को विश्व चैंपियनशिप से अब तक तीन ओलम्पिक कोटा मिल चुके हैं। महिला पहलवान विनेश फोगाट ने इससे पहले 53 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक जीतने के साथ-साथ ओलम्पिक कोटा भी जीता था। राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता और 65 किग्रा वर्ग में दुनिया के नंबर एक पहलवान बजरंग ने पोलैंड के क्रिस्टोफ बिएनवस्की को पहले राउंड में एकतरफा अंदाज में 9-2 से पराजित किया।
 
बजरंग ने फिर प्री क्वार्टरफाइनल में स्लोवाकिया के डेविड हबाट को 3-0 से पीटा। पिछली विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाले बजरंग ने क्वार्टरफाइनल में उत्तर कोरिया के जोंग चोल सोन को 8-1 से पीटकर सेमीफाइनल में स्थान बना लिया जहां उन्हें कजाकिस्तान के दौलत नियाजबेकोव ने पराजित कर दिया। मुकाबला काफी संघर्षपूर्ण रहा और अंत में स्कोर 9-9 से बराबर रहा लेकिन आखिरी अंक बटोरने के कारण नियाजबेकोव विजेता बन गए और फाइनल में पहुंच गए। इस हार के साथ बजरंग का अपना पदक रंग बदलने का सपना टूट गया। पिछले रजत विजेता बजरंग अब कांस्य के लिए खेलेंगे। रवि ने भी सेमीफाइनल में स्थान बनाया लेकिन सेमीफाइनल में हारने के बाद अब वह कांस्य पदक के लिए खेलेंगे। रवि ने पहले राउंड में कोरिया के सुंगवोन किम को आसानी से 11-0 से पीट दिया।
 
रवि ने प्री क्वार्टरफाइनल में अर्मेनिया के आर्सेन हारुतयुनयान को 17-6 से शिकस्त दी। भारतीय पहलवान ने क्वार्टरफाइनल में जापान के युकी ताकाहाशी को 6-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनायी। सेमीफाइनल में रवि को रूस के जावुर युगेव ने 6-4 से हरा दिया। रवि अब कांस्य पदक के लिए खेलेंगे। कांस्य पदक मुकाबले शुक्रवार को होंगे। नूर सुल्तान में मौजूद रवि के गुरु महाबली सतपाल ने अपने शिष्य के प्रदर्शन पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि वह अभी युवा है और उसने अपनी पहली विश्व चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया है और देश को ओलम्पिक कोटा दिलाया है। उन्होंने कहा कि इस लड़के में टोक्यो में पदक जीतने का दम है। अपने शिष्य और दो बार के ओलम्पिक पदक विजेता सुशील कुमार के शुक्रवार को होने वाले मुकाबले के लिए द्रोणाचार्य अवार्डी सतपाल ने कहा कि सुशील पूरी तरह मुकाबलों के लिए तैयार है और वह सौ फीसदी फिट है। 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »