19 Apr 2024, 17:14:53 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

मनोज सिन्हा ने बडगाम बीडीसी अध्यक्ष की हत्या की निंदा की

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Sep 24 2020 5:04PM | Updated Date: Sep 24 2020 5:04PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने बडगाम जिले में अज्ञात बंदूकधारियों द्वारा ब्लॉक विकास परिषद के अध्यक्ष भूपिंदर सिंह की हत्या किए जाने की कड़ी निंदा करते हुए दिवंगत श्री सिंह के शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। 

सिन्हा ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘ बडगाम के खाग में बीडीसी अध्यक्ष भूपिंदर सिंह की हत्या की मैं कड़ी निंदा करता हूं। मैं शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।’’ 

उप राज्यपाल की अध्यक्षता में प्रशासनिक परिषद की हुई बैठक में जम्मू-कश्मीर में सरपंच के 1089 और पंच के 12,168 पदों के लिए चुनाव कराने की घोषणा के तुरंत बाद बडगाम में खाग के बीडीसी भूपिंदर सिंह की बुधवार रात को उनके घर के बाहर कुछ अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मार कर हत्या कर दी थी। सिंह अपनी सुरक्षा में तैनात दो विशेष पुलिस अधिकारियों को पुलिस स्टेशन में छोड़ने के बाद अपने घर के लिए निकले थे। 

उप राज्यपाल ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘यह जघन्य कृत्य प्रदेश के लोगों में डर फैलाने और शांति तथा विकास के मार्ग को बाधित करने की एक कोशिश है। इस तरह के हमलों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। इस कायरतापूर्ण हमले को अंजाम देने वाले लोगों के लिए समाज में कोई जगह नहीं है। इस हमले में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी।’’

उप राज्यपाल के सलाहकार बशीर अहमद खान ने भी बीडीसी अध्यक्ष की हत्या की कड़ी निंदा करते हुए ऐसा करने वालों को मानवता का शत्रु करार दिया है। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और अपनी पार्टी के अध्यक्ष सैयद मोहम्मद अल्ताफ बुखारी ने भी बीडीसी अध्यक्ष की हत्या की निंदा करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है। 

अब्दुल्ला ने ट्वीट किया, ‘‘बीडीसी के अध्यक्ष भूपिंदर सिंह की हत्या के बारे में सुनकर बेहद दुख हुआ। मुख्यधारा में जमीनी स्तर पर काम करने वाले राजनीतिक कार्यकर्ता आतंकवादियों का आसान लक्ष्य बन गए हैं। दुर्भाग्यपूर्ण रूप से हाल के वर्षों में ऐसी घटनाओं में इजाफा हुआ है। मैं उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।’’ बुखारी ने बीडीसी अध्यक्ष की हत्या की निंदा करते हुए उसे दुर्भाग्यपूर्ण, अमानवीय और बर्बर करार दिया है। उन्होंने कहा कि हिंसा की ऐसी घटनाओं से कुछ हासिल नहीं होगा बल्कि इससे लोगों की मुश्किलें बढ़ेंगी।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »