29 Mar 2024, 03:17:59 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स’ की मेजबानी हरियाणा को देने पर आभार : संदीप

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jul 28 2020 12:04AM | Updated Date: Jul 28 2020 12:05AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

चंडीगढ़। हरियाणा के खेल एवं युवा मामलों के राज्यमंत्री संदीप सिंह ने ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स’ के चौथे संस्करण की मेजबानी हरियाणा को देने पर केंद्रीय खेल और युवा मामलों के राज्यमंत्री किरेन रिजिजू और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है। संदीप ने कहा कि खेलों की मेजबानी हासिल करने का श्रेय राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को जाता है जिनके प्रयासों से यह सम्भव हो सका है। उन्होंने कहा कि इन खेलों का आयोजन पंचकूला जिले में किया जाएगा जिनका उदेश्य  देशभर में खेलों को बढ़ावा देना और नई प्रतिभाओं को तलाशना एवं तराशना है। इस आयोजन से प्रदेश के खिलाड़यिों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्राप्त होगा।

उन्होंने कहा कि राज्य की खेल नीति के तहत खिलाड़यिों को नकद प्रोत्साहन राशि और नौकरियों में आरक्षण जैसी अनेक सुविधाएं प्राप्त हैं। बेहतरीन खेल नीति के चलते हरियाणा देश में एक अग्रणी स्पोर्ट्स हब के रूप में उभर रहा है। मुख्यमंत्री का प्रयास है कि राज्य के खिलाड़ी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना कर देश का नाम रोशन करें।

संदीप ने कहा कि मुख्यमंत्री यह सुनिश्चित करने के लिए उत्सुक हैं कि हरियाणा के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन करें। उन्होंने कहा, ‘‘हरियाणा ने  ‘खेलो इंडिया कार्यक्रम’ के तहत हमेशा अच्छा प्रदर्शन किया है।’’ राज्य 2018 में चैंपियन बना था और 2019 एवं 2020 में दूसरे नंबर पर रहा था।’’ मंत्री ने उम्मीद जताई कि हरियाणा आगामी खेलों में भी अच्छा प्रदर्शन करेगा।

रिजिजू ने खेलो इंडिया युवा खेलों के चौथे संस्करण की मेजबानी हरियाणा को देने को लेकर कहा था, ‘‘मैं यह घोषणा करते हुये बहुत खुश हूं कि हरियाणा खेलो इंडिया युवा खेलों के चौथे संस्करण का मेजबान राज्य होगा। हमारे प्रधानमंत्री की सोच पर आधारित खेलो इंडिया गेम्स देश भर में जमीन से जुड़ी प्रतिभा की पहचान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यह खेल का महाकुंभ है।’’

खट्टर ने यह मेजबानी मिलने पर कहा था, ‘‘एक राज्य के रूप में हरियाणा ने हमेशा खेलों को बड़े स्तर पर बढ़ावा दिया है और अपने एथलीट का समर्थन किया है। हरियाणा में खेलो इंडिया युवा खेलों के आयोजन से खेल का एक मजबूत वातावरण तैयार करने की हमारी प्रतिबद्धता को और बल मिलेगा। हरियाणा ने खेलो इंडिया युवा खेलों के पिछले संस्करणों में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है और हमारे कई एथलीट खेलो इंडिया योजना के तहत पहले से ही प्रशिक्षण ले रहे हैं।’’           

अब तक इन खेलों का आयोजन साल के शुरू में जनवरी-फरवरी में होता आया था लेकिन कोरोना के कारण अगले वर्ष इनका आयोजन टोक्यो ओलम्पिक के बाद निर्धारित किया गया है। पहले खेलो इंडिया युवा खेलों का आयोजन 2018 में दिल्ली में हुआ था जबकि दूसरे खेलो इंडिया युवा खेलों का आयोजन 2019 में महाराष्ट्र के पुणे में हुआ था। तीसरे खेलो इंडिया युवा खेलों का आयोजन 2020 में जनवरी में असम के गुवाहाटी में हुआ था। हरियाणा ने 2020 संस्करण में कुल 200 पदक, 2019 में कुल 178 पदक और 2018 के पहले संस्करण में 38 स्वर्ण सहित 102 पदक जीते थे।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »