नई दिल्ली। देश में औद्योगिक गतिविधियों का मापने वाला कोर उत्पादन सूचकांक अगस्त 2020 में 8.5 प्रतिशत गिरावट में दर्ज किया गया जबकि 2019 में यह आंकड़ा 0.2 प्रतिशत नीचे रहा था। सरकार के बुधवार को यहां जारी आंकड़ों में बताया गया है कि चालू वित्त वर्ष में अप्रैल से अगस्त 2020 की अवधि में कोर उत्पादन में 17.8 प्रतिशत की कमी आयी है। इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में कोर उत्पादन 2.5 प्रतिशत बढ़त में रहा था। जुलाई 2020 में कोर उत्पादन में 8.0 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी थी।
आंकड़ों में कहा गया है कि अगस्त 2020 में कोयले का उत्पादन 3.6 प्रतिशत बढ़त में रहा जबकि अप्रैल से अगस्त 2020 की अवधि में कोयला का उत्पादन 10.2 प्रतिशत गिरा है। इसी माह में कच्चे तेल का उत्पादन 6.3 प्रतिशत गिरावट में रहा है। चालू वित्त वर्ष में अगस्त तक इसके उत्पादन में 6.1 प्रतिशत की कमी आयी है। प्राकृतिक गैस का उत्पादन अगस्त 2020 में 9.5 प्रतिशत घटा है। अप्रैल से अगस्त 2020 की अवधि में प्राकृतिक गैस के उत्पादन में 13.7 प्रतिशत की गिरावट आयी है। इसी माह में रिफाइनरी का उत्पादन 19.1 प्रतिशत गिरावट में रहा है। चालू वित्त वर्ष में अगस्त तक इसके उत्पादन में 17. 5 प्रतिशत की कमी आयी है।