20 Apr 2024, 05:12:46 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Business

पांच सौ अरब डॉलर का हुआ विदेशी मुद्रा भंडार

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jun 14 2020 12:11PM | Updated Date: Jun 14 2020 12:11PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

मुंबई। देश का विदेशी मुद्रा का भंडार पहली बार 500 अरब डॉलर के पार पहुँच गया है। रिजर्व बैंक द्वारा जारी साप्ताहिक आँकड़ों के अनुसार, 05 जून को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार लगातार छठे सप्ताह बढ़ता हुआ 501.70 अरब डॉलर पर पहुँच गया। सप्ताह के दौरान इसमें 8.22 अरब डॉलर की जबरदस्त वृद्धि देखी गई।
 
इससे पहले 29 मई को समाप्त सप्ताह में यह 3.44 अरब डॉलर बढ़कर 493.48 अरब डॉलर रहा था। भारत समेत दुनिया के सिर्फ पाँच देशों के पास 500 अरब डॉलर से अधिक का विदेशी मुद्रा भंडार है। इसमें चीन 3,101 अरब डॉलर के साथ शीर्ष पर है। जापान 1,378 अरब डॉलर के साथ दूसरे, स्विटजरलैंड 848 अरब डॉलर के साथ तीसरे और रूस 565 अरब डॉलर के साथ चौथे स्थान पर है जबकि भारत पाँचवें नंबर पर है। देश का विदेशी मुद्रा भंडार फरवरी 2002 में  पहली बार 50 अरब डॉलर पर पहुँचा था।
 
दिसंबर 2003 में यह पहली बार एक सौ अरब  डॉलर, अप्रैल 2007 में दो सौ अरब डॉलर और फरवरी 2008 में तीन सौ अरब डॉलर  पर पहुँच गया। वैश्विक आर्थिक मंदी के दबाव में नवंबर 2008 तक एक बार  फिर घटकर विदेशी मुद्रा भंडार 245 अरब डॉलर रह गया। यहाँ से दुबारा तीन सौ अरब डॉलर पर पहुँचने  में सवा दो वर्ष का समय लगा। फरवरी 2011 में दुबारा यह तीन सौ अरब डॉलर पर  पहुँचा।
 
सितंबर 2017 में विदेशी मुद्रा भंडार पहली बार चार सौ अरब डॉलर के  स्तर पर और 05 जून 2020 को समाप्त सप्ताह में पाँच सौ अरब डॉलर पर पहुँचने  में कामयाब रहा। रिजर्व बैंक के अनुसार, 05 जून को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार के सबसे बड़े घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति में 8.42 अरब डॉलर की वृद्धि हुई और सप्ताहांत पर यह 463.63 अरब डॉलर पर रहा।
 
इस दौरान स्वर्ण भंडार 32.90 करोड़ डॉलर घटकर 32.35 अरब डॉलर रह गया। आलोच्य सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास आरक्षित निधि 12 करोड़ डॉलर बढ़कर 4.28 अरब डॉलर पर और विशेष आहरण अधिकार एक करोड़ डॉलर बढ़कर 1.44 अरब डॉलर पर पहुँच गया। 
 
 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »