नई दिल्ली। सेना पाकिस्तान पर 1971 की लड़ाई में जीत के 50 वर्ष पूरे होने के मौके पर मनाये जाने वाले स्वर्णिम विजय वर्ष के लिए ऑनलाइन स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन कर रही है। सेना के अनुसार यह प्रतियोगिता देश के सभी नागरिकों के लिए खुली है और इसके लिए 31 मई तक प्रविष्टियां स्वर्णिमविजयवर्षडाटएडीजीपीआई.जीमेलडाटकाम पर भेजी जा सकती हैं। प्रतियोगिता का विवरण सेना के फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर हैंडल पर उपलब्ध है। विजेता को 50 हजार और उप विजेता को 25 हजार रूपये का पुरस्कार दिया जायेगा।
चुने गए स्लोगनों का इस्तेमाल सेना के आधिकारिक मीडिया हैंडल द्वारा किया जाएगा और विजेता प्रविष्टियों को नकद पुरस्कार के साथ क्रेडिट भी दिया जाएगा। स्लोगन प्रतियोगिता के साथ कई कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं होंगी, जिनका विवरण बाद में अखबार और सोशल मीडिया के माध्यम से सूचित किया जाएगा। यह प्रतियोगिता सेना का अपने नागरिकों के साथ घनिष्ठ संबंध बनाने और 1971 के भारत-पाक युद्ध में भारतीय सशस्त्र बलों के योगदान को उजागर करने के प्रयासों का हिस्सा है जिसके कारण बांग्लादेश की मुक्ति मिली थी। स्वर्णिम विजय उत्सव समारोह के रूप में सेना अपने योगदान की जानकादी देने और इस पर प्रकाश डालने के लिए कई आयोजन कर रही है। चार विजय मशाल पहले से ही चार प्रमुख दिशाओं में भेजे गए हैं जो एक फॉर्मेशन से दूसरे को सौंपे जाएंगे।