20 Apr 2024, 18:34:07 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

'चलो बुलावा आया है' फेम सिंगर नरेंद्र चंचल का निधन- PM मोदी ने जताया शोक

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jan 22 2021 6:04PM | Updated Date: Jan 22 2021 6:05PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्‍ली। लोकप्रिय भजन गायक नरेंद्र चंचल का निधन हो गया है। उन्होंने 80 साल की उम्र में शुक्रवार को दिल्ली में अंतिम सांस ली। अपोलो अस्पताल में दोपहर 12 बजे के आसपास उनका निधन हो गया। वह पिछले तीन महीनों से अस्वस्थ थे। उनका इलाज चल रहा था। उनके गानों की बात करें तो उनकी हिट लिस्ट में 'चलो बुलावा आया है' और 'ओ जंगल के राजा मेरी मैया को लेके आजा' जैसे गाने शामिल हैं। कई दशकों तक अपने माता के भजनों के जरिये लाखों लोगों को भक्तिमय दुनिया में ले जाने वाले नरेंद्र चंचल अपने पीछे दो बेटे औऱ एक बेटी छोड़ गए हैं। अमृतसर (पंजाब) में 16 अक्टूबर, 1940 को जन्मे नरेंद्र चंचल दिल्ली आकर बसे और यहीं के होकर रह गए। उन्होंने देश के साथ विदेशों में अपने भजनों के जरिये नाम कमाया।
 
हिंदी फिल्मों में भी कई मशहूर गीतों को अपनी आवाज देने वाले नरेंद्र चंचल को माता के भजनों के लिए ही जाना जाता है। दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में उनका बड़ा नाम था। नरेंद्र चंचल की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने अमिताभ बच्चन से लेकर शोमैन राजकूपर की फिल्मों के लिए भी गाने गाए। अमिताभ बच्चन अभिनीत 'बेनाम' फिल्म में गाया गाना आज भी लोग खूब पसंद करते हैं। इस फिल्म के गाने में नरेंद्र चंचल भी नजर आए थे।
 
नरेंद्र चंचल ने अपनी गायकी से बॉलीवुड में एक खास पहचान बनाई थी। उनकी गायकी का सफर राज कपूर के समय ही शुरू हुआ था। फिल्म 'बॉबी' में उनके द्वारा गाया गाना 'बेशक मंदिर मस्जिद तोड़ो' काफी मशहूर हुआ था। इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों में गाने गाए, लेकिन उन्हें पहचान मिली फिल्म 'आशा', में गाए माता के भजन 'चलो बुलावा आया है' से जिसने रातों रात उन्हें मशहूर बना दिया। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शोक जताया है। पीएम ने ट्वीट कर लिखा, 'लोकप्रिय भजन गायक नरेंद्र चंचल जी के निधन के समाचार से अत्यंत दुख हुआ है। उन्होंने भजन गायन की दुनिया में अपनी ओजपूर्ण आवाज से विशिष्ट पहचान बनाई। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम् शांति!'
 
संगीत सितारों और अन्य हस्तियों ने सोशल मीडिया पर नरेंद्र चंचल को श्रद्धांजलि दी। दलेर मेहंदी ने लिखा, "यह जानकर बहुत दुःख हुआ कि प्रतिष्ठित और सबसे ज्यादा प्यार करने वाले नरेंद्र चंचल ने स्वर्ग में रहने के लिए हमें छोड़कर चले गए। उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं। दुख की इस घड़ी में उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हूं।"
 
पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने लिखा - यह जानकर बहुत दुःख हुआ कि प्रतिष्ठित और सबसे ज्यादा प्यार करने वाले नरेंद्र चंचल हमारे बीच नहीं रहे है। उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना में उनके परिवार के प्रति हार्दिक संवेदना। नरेंद्र चचल को जागरण गीत के लिए जाना जाता है। उन्होंने चलो बुलावा आया है जैसे कई लोकप्रिय गीत गाए हैं।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »