25 Apr 2024, 23:01:04 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

प्रियंका वाड्रा ने फिर लिखा CM योगी आदित्यनाथ को पत्र, कहा- अपहरण...

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Aug 2 2020 12:23AM | Updated Date: Aug 2 2020 12:24AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

लखनऊ। कांग्रेस महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखने का सिलसिला जारी है। शनिवार को उन्होंने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में उत्तर प्रदेश में आपराधिक घटनाओं को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अपहरण एक उद्योग बन चुका है और हत्या एक रोजनामचा। लूट और दुष्कर्म की घटनाओं से प्रदेश दहल उठा है।

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा ने पत्र में लिखा है कि पिछले दिनों मैंने एक पत्र के माध्यम से प्रदेश में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं की तरफ आपका ध्यान आकृष्ट करने की कोशिश की थी। दिनदहाड़े आम लोगों के साथ घट रही आपराधिक घटनाओं के चलते प्रदेश के आमजन के मन में एक डर का भाव बैठ गया है। उत्तर प्रदेश में क्राइम और कोरोना दोनों बेलगाम हो चुके हैं। लोगों को कहते सुना है कि उत्तर प्रदेश में अपहरण एक उद्योग बन चुका है और हत्या एक रोजनामचा। लूट और दुष्कर्म की घटनाओं से प्रदेश दहल उठा है।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा ने कहा कि यह सब सिर्फ एक चीज की तरफ इशारा करता है कि किसी न किसी कारण अपराधी बेखौफ हैं और शासन-प्रशासन का इकबाल खत्म हो गया है। उन्होंने संभल जिले में हुई एक घटना का जिक्र करते हुए लिखा है कि चंदौसी में रहने वाले रामौतार शर्मा इफको किसान सेवा केंद्र से सेवानिवृत्त थे और गांव बिचेटा चौराहे पर एक खाद की दुकान चलाते थे। 30 जुलाई 2020 की शाम को दुकान से वापस जाते वक्त बदमाशों ने रामौतार शर्मा व उनके बेटे पर गोली चलाई। उनके पैसे लूट लिए। इस घटना में रामौतार शर्मा की मृत्यु हो गई और उनके बेटे बाल-बाल बचे। इस घटना से पूरे क्षेत्र में रोष व्याप्त है। प्रियंका ने मांग की है कि जल्द से जल्द अपराधियों को पकड़ कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए। परिवार के लिए आर्थिक मदद की भी प्रदेश सरकार घोषणा करे।

 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »