नई दिल्ली। कोरोना वायरस के प्रकोप के कारण देश में पिछले दो महीने से ज्यादा समय से लॉकडाउन की स्थिति है। इस कारण हजारों लोग अपने परिजनों से दूर यहां-वहां फंसे हुए हैं। इस दौरान देश में आज से घरेलू उड़ान सेवा शुरू होने पर कई लोग महीनों बाद अपने परिजनों से मिल पाए हैं। इन लोगों में एक पांच साल का बच्चा विहान शर्मा भी है।
विहान शर्मा आज दिल्ली से अकेले फ्लाइट से सफर तय कर बंगलुरु पहुंचा। पिछले तीन महीने से वह अपनी मां से दूर था। जैसे ही घरेलू उड़ान शुरू हुईं विहान अपनी मां के पास बेंगलुरु के लिए अकेले निकल पड़ा। बेंगलुरु एयरपोर्ट पर उसकी मां उसे लेने पहुंची थी। विहान को देखते ही उसकी मां के आंसू छलक पड़े। हालांकि वह तीन महीने बाद मिलने पर भी अपने बेटे को गले नहीं लगा पाईं।
खबर के मुताबिक, विहान शर्मा के साथ फ्लाइट में न तो उसका कोई जानकार बैठा था और न ही कोई रिश्तेदार। बेंगलुरु एयरपोर्ट पर पहुंचने पर जब वह अपनी मां मंजरी शर्मा से मिला तो बेहद भावुक था। मंजरी शर्मा भी जब अपने बेटे से मिलीं तो वह रो पड़ीं, लेकिन कोरोना वायरस संक्रमण के चलते सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों के कारण वह अपने बेटे को गले नहीं लगा पाईं। यहां तक कि वह उसे हाथ तक नहीं लगा पाईं।
सोमवार दोपहर में मां-बेटे के बीच हुई मुलाकात का दृश्य मीडियाकर्मियों के लिए अद्भुत था। विहान की मां ने मीडियाकर्मियों को बताया कि उनका बेटा विहान दिल्ली अपने दादा-दादी के पास गया था। इस दौरान देश में लॉकडाउन हो गया और वह पिछले 3 महीने से दिल्ली में ही रह रहा था. लॉकडाउन के चलते उसे मजबूरीवश वहीं रहना पड़ा।