20 Apr 2024, 09:48:49 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

कोरोना से विश्व में 52.10 लाख संक्रमित, 3.38 लाख लोगों की मौत

By Dabangdunia News Service | Publish Date: May 23 2020 10:36AM | Updated Date: May 23 2020 10:37AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

जिनेवा/नई दिल्ली। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है और विश्व भर में इससे संक्रमितों की संख्या 52 लाख से अधिक हो गयी है जबकि अब तक 3.38 लाख से ज्यादा लोग इस बीमारी से काल के गाल में समा चुके हैं। अमेरिका की जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के विज्ञान एवं इंजीनियरिंग केन्द्र की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक कुल संक्रमितों की संख्या 52,10,065 हो गयी जबकि 3,38,142 लोगों की इस बीमारी से मौत हो चुकी है। दुनिया भर में सर्वाधिक प्रभावित देशों में सबसे ऊंचे पायदान पर खड़े अमेरिका के बाद अब ब्राजील दूसरे नंबर पर है जबकि रूस तीसरे स्थान पर है। 

भारत में भी कोरोना वायरस ने तेजी से पैर पसारे हैं और अब यहां इससे संक्रमितों की संख्या सवा लाख से अधिक हो गयी है। केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से शनिवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक देश के 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में इसके संक्रमण से अब तक 1,25,101 लोग प्रभावित हुए हैं तथा 3720 लोगों की मौत हुई है जबकि 51,784 लोग इस बीमारी से निजात पा चुके हैं। अमेरिका में कोरोना वायरस से संक्रमितों का आंकड़ा 16 लाख से अधिक हो चुका है जबकि इसके संक्रमण से मरने वालों की संख्या 95 हजार के आंकड़े को पार कर चुकी है। 

विश्व की महाशक्ति माने जाने वाले अमेरिका में कुल संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ते हुए 16,00,937 हो गयी जबकि 95,972 लोगों की मौत हो चुकी है। ब्राजील में भी कोरोना ने विकराल रूप धारण कर लिया है और अब यह संक्रमण के सर्वाधिक मामलों में दुनिया का दूसरा देश है। ब्राजील में कोरोना संक्रमितों की संख्या 3,30,890 हो गयी है तथा पिछले 24 घंटों के दौरान इस बीमारी से 1001 लोगों की मौत के बाद देश में मृतकों की  संख्या बढ़कर 21,048 हो गयी है। रूस में भी कोविड-19 का प्रकोप जारी है और यह इसके संक्रमण से सबसे अधिक प्रभावित होने वाले देशों की सूची में तीसरे स्थान पर है। यहां अब तक 3,26,448 लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं और 3249 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। 

ब्रिटेन में भी हालात लगातार खराब होते जा रहे हैं। यहां अब तक इस महामारी से 2,55,544 लोग प्रभावित हुए हैं और अब तक 36,475 लोगों की इसके कारण मौत हो चुकी है। यूरोप में गंभीर रूप से प्रभावित देश इटली में इस महामारी के कारण अब तक 32,616 लोगों की मौत हुई है और 2,28,658 लोग इससे संक्रमित हुए हैं। स्पेन में कुल 2,34,824 लोग संक्रमित हुए है जबकि 28,628 लोगों की मौत हो चुकी है। इस वैश्विक महामारी के केंद्र चीन में अब तक 84,081 लोग संक्रमित हुए हैं और 4638 लोगों की मृत्यु हुई है। इस वायरस को लेकर तैयार की गयी एक रिपोर्ट के मुताबिक चीन में हुई मौत के 80 प्रतिशत मामले 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के थे। यूरोपीय देश फ्रांस और जर्मनी में भी स्थिति काफी खराब है। 

फ्रांस में अब तक 1,82,015 लोग संक्रमित हुए हैं और 28,218 लोगों की मौत हो चुकी है। जर्मनी में कोरोना वायरस से 1,79,710 लोग संक्रमित हुए हैं और 8,228 लोगों की मौत हुई है। तुर्की में कोरोना से अब तक 1,54,500 लोग संक्रमित हुए हैं तथा इससे 4,276 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना वायरस से गंभीर रूप से प्रभावित खाड़ी देश ईरान में 1,31,652 लोग संक्रमित हुए हैं जबकि 7300 लोगों की इसके कारण मौत हुई है। बेल्जियम में 9212, मेक्सिको में 6989, कनाडा में 6360, नीदरलैंड में 5807,  स्वीडन में 3925, पेरू में 3244, इक्वाडोर में 3056, स्विट्जरलैंड में 1903, आयरलैंड में 1,592 और पुर्तगाल में 1289 लोगों की मौत हो गयी है। इसके अलावा पड़ोसी देश पाकिस्तान में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 2103 नये मामले सामने आने के बाद यहां कुल संक्रमितों का आंकड़ा 50 हजार को पार हो गया जबकि इसी अवधि में और 50 लोगों की मौत हो गयी।  यहां अब तक कुल संक्रमितों की संख्या 50,694 हो गयी है जबकि 1067 लोगों की मौत हुई है।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »