29 Mar 2024, 19:43:04 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

विश्व में 3.32 लाख लोग कोरोना से काल कवलित, 50 लाख से अधिक संक्रमित

By Dabangdunia News Service | Publish Date: May 22 2020 10:21AM | Updated Date: May 22 2020 10:25AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

जिनेवा/नई दिल्ली। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस की विकरालता निरंतर बढ़ती जा रही है और विश्व भर में इससे संक्रमितों की संख्या 50 लाख से अधिक हो गयी है जबकि अब तक 3.32 लाख से ज्यादा लोग इसके कारण काल का ग्रास बन चुके हैं। अमेरिका की जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के विज्ञान एवं इंजीनियरिंग केन्द्र की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक कुल संक्रमितों की संख्या 51,01,967 हो गयी जबकि 3,32,900 लोगों की इस बीमारी से मौत हो चुकी है। दुनिया भर में सर्वाधिक प्रभावित देशों में पहले स्थान पर अमेरिका, दूसरे पर रूस और तीसरे पर ब्राजील है।

भारत में भी कोरोना वायरस ने तेजी से पैर पसारे हैं और अब यह एक लाख से अधिक संक्रमण के मामलों वाले देशों में शामिल हो गया है। केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक देश के 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में इसके संक्रमण से अब तक 1,18,447 लोग प्रभावित हुए हैं तथा 3583 लोगों की मौत हुई है जबकि 48,534 लोग इस बीमारी से निजात पा चुके हैं। अमेरिका में कोरोना वायरस से दुनिया में सर्वाधिक 15 लाख से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं और इसके संक्रमण से मरने वालों की संख्या 90 हजार के आंकड़े को पार कर चुकी है।

विश्व की महाशक्ति माने जाने वाले अमेरिका में कुल संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ते हुए 15,77,140 हो गयी जबकि 94,702 लोगों की मौत हो चुकी है। रूस में भी कोविड-19 का प्रकोप लगातार तेजी से बढ़ रहा है और यह इस संक्रमण से सबसे अधिक प्रभावित होने वाले देशों की सूची में अमेरिका के बाद दूसरे स्थान पर है। यहां अब तक 3,17,554 लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं और 3099 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। ब्राजील में भी कोरोना ने विकराल रूप धारण कर लिया है। यहां 3,10,087 लोग संक्रमित हुए हैं तथा पिछले 24 घंटों के दौरान 'कोविड 19' के प्रकोप से 1188 मरीजों की मौत के बाद देश में इस संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़कर 20,047 हो गयी है।

संक्रमण के मामले में ब्राजील का तीसरा स्थान है। इसके अलावा ब्रिटेन में भी हालात लगातार खराब होते जा रहे हैं। यहां अब तक इस महामारी से 2,52,246 लोग प्रभावित हुए हैं और अब तक 36,124 लोगों की इसके कारण मौत हो चुकी है। यूरोप में गंभीर रूप से प्रभावित देश इटली में इस महामारी के कारण अब तक 32,486 लोगों की मौत हुई है और 2,28,006 लोग इससे संक्रमित हुए हैं। स्पेन में कुल 2,33,037 लोग संक्रमित हुए है जबकि 27,940 लोगों की मौत हो चुकी है। इस वैश्विक महामारी के केंद्र चीन में पिछले दो दिनों से संक्रमण अथवा मौत का कोई नया मामला सामने नहीं आया है। यहां अब तक 84,063 लोग संक्रमित हुए हैं और 4638 लोगों की मृत्यु हुई है। इस वायरस को लेकर तैयार की गयी एक रिपोर्ट के मुताबिक चीन में हुई मौत के 80 प्रतिशत मामले 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के थे।

यूरोपीय देश फ्रांस और जर्मनी में भी स्थिति काफी खराब है। फ्रांस में अब तक 1,81,951 लोग संक्रमित हुए हैं और 28,218 लोगों की मौत हो चुकी है। जर्मनी में कोरोना वायरस से 1,79,021 लोग संक्रमित हुए हैं और 8,203 लोगों की मौत हुई है। तुर्की में कोरोना से अब तक 1,53,548 लोग संक्रमित हुए हैं तथा इससे 4,249 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना वायरस से गंभीर रूप से प्रभावित खाड़ी देश ईरान में 1,29,341 लोग संक्रमित हुए हैं जबकि 7249 लोगों की इसके कारण मौत हुई है। बेल्जियम में 9186, मेक्सिको में 6510, कनाडा में 6267, नीदरलैंड में 5794,  स्वीडन में 3871, पेरू में 3148, इक्वाडोर में 2939, स्विट्जरलैंड में 1898, आयरलैंड में 1,583 और पुर्तगाल में 1277 लोगों की मौत हो गयी है। इसके अलावा पड़ोसी देश पाकिस्तान में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 2193 नये मामले सामने आये हैं जबकि और 32 लोगों की मौत के साथ कुल मरने वालों की संख्या एक हजार से अधिक हो गयी।  यहां अब तक कुल संक्रमितों की संख्या 48,091 हो गयी है जबकि 1017 लोगों की मौत हुई है।

 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »