29 Mar 2024, 01:47:26 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

चीन की सीमा पर भारतीय सेना पूरी जिम्मेदारी से काम कर रही है: भारत

By Dabangdunia News Service | Publish Date: May 22 2020 12:21AM | Updated Date: May 22 2020 12:22AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। भारत ने चीन के भारतीय सेना पर सिक्किम एवं लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पार करके गतिविधियों के आरोपों को खारिज कर दिया है और कहा है कि भारतीय सेना सीमा प्रबंधन को लेकर बहुत जिम्मेदारी से काम करते हुए देश की संप्रभुता एवं सुरक्षा की रक्षा कर रही है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने यहां नियमित ब्रीफिंग  में कहा कि यह कहा जाना कि भारतीय सैनिकों ने सिक्किम सेक्टर या पश्चिमी सेक्टर में वास्तविक नियंत्रण रेखा पार करके गतिविधियां कीं हैं, सही नहीं है।
 
भारतीय सैनिक भारत-चीन सीमा पर वास्तविक नियंत्रण रेखा के सीमांकन से पूर्णत: अवगत हैं और उसका दृढ़ता से पालन भी करते हैं। उनकी सारी गतिविधियां नियंत्रण रेखा के भारत के दायरे में होतीं हैं। श्रीवास्तव ने कहा, ‘‘सच्चाई ये है कि चीनी पक्ष ने हाल ही में भारतीय सैनिकों के सामान्य गश्ती मार्ग को बाधित करने वाली गतिविधियां कीं हैं। जबकि भारतीय पक्ष ने सीमा प्रबंधन को लेकर हमेशा बहुत ही जिम्मेदाराना रुख अपनाया है। इसके साथ ही हम भारत की संप्रभुता एवं सुरक्षा को सुनिश्चित करने को लेकर दृढ़ता से प्रतिबद्ध हैं।’’           
 
उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिक वास्तविक नियंत्रण रेखा को लेकर अवधारणात्मक भिन्नता के कारण उपजे किसी भी मसले के समाधान के लिए विभिन्न द्विपक्षीय समझौतों की प्रक्रियाओं एवं प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करते हैं। दोनों पक्षों ने ऐसी परिस्थितियों को संवाद के माध्यम से शांतिपूर्ण ढंग से हल करने के लिए व्यवस्थाएं स्थापित कीं हैं। दोनों पक्ष एक दूसरे के साथ किसी भी तात्कालिक मसले के समाधान के लिए संपर्क में रहते हैं।
 
प्रवक्ता ने कहा कि चेन्नई में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच बनी सहमति के अनुरूप भारतीय पक्ष सीमा क्षेत्रों में शांति एवं स्थिरता बनाये रखने के समान लक्ष्य के लिए दृढ़ता से प्रतिबद्ध है। दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों में प्रगति के लिए यह एक आवश्यक पूर्वशर्त है।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »