अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ की विकास लोक कॉलोनी में रहने वाली एक युवती ने श्रीकृष्ण से विवाह कर सबको हैरान कर दिया। दरअसल, एक प्राइवेट कंपनी में सहायक मैनेजर के पद पर तैनात यमुना बचपन से ही कान्हा के प्रति भक्ति भावना में लीन थीं। यमुना से मीरा बनी युवती ने भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन होकर भगवान कृष्ण की मूर्ति से शादी कर ली। शादी के साथ ही पारिवारिक जीवन त्यागने का फैसला लिया है। उनका कहना है कि वह अब वृंदावन जाकर पूरा जीवन भगवान कृष्ण की भक्ति में बिताएंगी।
मंगलवार रात को यह अनोखी शादी हुई दूल्हा बने श्रीकृष्ण (विग्रह) के साथ यमुना की। यमुना विकास लोक कॉलोनी गली नंबर तीन में रहने वाली लज्जावती देवी की चार बेटियों में सबसे छोटी हैं। वह जब छह माह की थी, तभी पिता का निधन हो गया। वह नोएडा की निजी कंपनी के एचआर डिपार्टमेंट में कार्यरत हैं।
पुराणों के अनुसार यमुना कृष्ण की प्रेयसी हैं, तो यह यमुना भी बचपन से कृष्ण भक्ति में लीन रहती हैं। उन्होंने अपनी इच्छा से श्री कृष्ण को अपना आराध्य मानकर शादी की। इसकी इच्छा उन्होंने बहुत दिन पहले परिजनों से व्यक्त की थी, पहले तो उन्हें समझाया गया लेकिन वह नहीं मानी। वह कहती हैं कि अब जीवनभर प्रभु श्रीकृष्ण (मूर्ति) के साथ ही रहेंगी। शादी कोई गुपचुप नहीं हुई।
मिलने वालों और रिश्तेदारी में कार्ड भी बांटे गए थे, जिन पर कृष्ण को वसुदेव पुत्र बताया गया। पूरी व्यवस्थाएं भी शादी की तरह हुईं। उनके बनारस निवासी बहनोई उमेश शर्मा ने सारी व्यवस्थाओं का संचालन किया। देर रात सात फेरे हुए। शादी में भाग लेने वाले रितेश सिंह और आशीष शर्मा बताते हैं कि पूरे मोहल्ले में खुशी बरस रही थी। बहन नीतू शर्मा व्यवस्थाओं में लगी थीं, तो घर के छोटे बच्चे डीजे पर डांस कर रहे थे। देर रात भांवर पडऩे के साथ शादी की रस्म पूरी हुईं।