जम्मू। पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा पर पुंछ के शाहपुर और करनी सेक्टरों में शनिवार को बिना किसी उकसावे के गोलीबारी कर संघर्ष विराम का फिर उल्लंघन किया। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने यहां बताया कि पाकिस्तान ने पूर्वाह्न 0945 बजे शाहपुर और करनी सेक्टरों में छोटे हथियारों और मोर्टारों से गोलाबारी कर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। भारतीय सेना की ओर से इसके जवाब में प्रभावी कार्रवाई की गयी। प्रवक्ता ने बताया कि गोलीबारी से किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।
इससे पहले शनिवार को पुंछ में भी बिना उकसावे के पाकिस्तान की ओर से संघर्ष विराम का उल्लंघन किया गया था। शुक्रवार को भी नियंत्रण रेखा की अग्रिम चौकियों पर लगातार गोलीबारी के बाद पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सांबा सेक्टर में भी संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था। इससे पहले बुधवार को भी पाकिस्तानी रेंजर्स ने गोलाबारी कर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था। मंगलवार को भी पाकिस्तान ने बगैर किसी उकसावे के सांबा और हीरानगर सेक्टरों में गोलीबारी कर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था।