19 Apr 2024, 04:04:29 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

अमित शाह: केंद्र की सभी योजनाओं में UP अव्वल, सत्ता पाने को परेशान न हों विपक्ष

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Aug 1 2021 2:48PM | Updated Date: Aug 1 2021 6:18PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

लखनऊ। केंद्रीय गृह तथा सहकारिता मंत्री अमित शाह  UP के दौरे पर हैं। अमित शाह ने लखनऊ को बड़ी सौगात दी। उनका अगला पड़ाव मिर्जापुर होगा। वह लखनऊ से वाराणसी जाकर मिर्जापुर पहुंचेंगे। भाजपा ने उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव 2022 की जोरदार तैयारी शुरू कर दी है। गृह मंत्री का आज का दौरा भी उत्तर प्रदेश की तैयारी परखने के साथ आगे की रणनीति को भी गति देगा। अमित शाह ने पिपरसंड में यूपी स्टेट इंस्टीट्यूट आफ फोरेंसिक साइंसेज का शिलान्यास तथा भूमि पूजन करने के साथ ही लोगों को संबोधित किया। इस अवसर पर अमित शाह ने योगी आदित्यनाथ सरकार के काम को जमकर सराहा। उन्होंने कहा कि राज्यों के लिए केंद्र सरकार की सभी 44 बड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में उत्तर प्रदेश शीर्ष पर है। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना को बनाना तो आसान होता है, लेकिन उसका शत-प्रतिशत क्रियान्वयन बेहतर कार्यशैली का सबसे बड़ा उदाहरण है। आज देश में चल रही विकास की 44 योजनाओं में सबसे आगे उत्तर प्रदेश है। योगी आदित्यनाथ और उनकी टीम ने पूरे देश में इन 44 योजनाओं में सबसे पहला स्थान हासिल किया है। उत्तर प्रदेश ने हर क्षेत्र में विकास किया है।
 
गृह मंत्री ने कहा कि अब भ्रष्टाचारियों के दिल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भय है, जिसकी वजह से भ्रष्टाचार कम हुआ है। पहले का यूपी मुझे ठीक तरह से याद है। महिलाएं असुरक्षित थीं, यहां पर दिनदहाड़े गोलियां चलती थीं, माफियाओं का राज था। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में महिलाएं अपने को असुरक्षित महसूस करती थीं। माफिया अवैध तरह से जमीनों पर कब्जा करते थे। 2017 में भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश को विकसित बनाने का वादा किया था। आज योगी आदित्यनाथ और उनकी टीम ने उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को आगे ले जाने का काम किया है। अमित शाह ने कहा कि जिनको उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने के सपने आ रहे हैं, उनके कानों तक आवाज जानी चाहिए। उत्तर प्रदेश में जिनको सरकार बनाने के सपने आ रहे हैं, उनके कानों तक 'भारत माता की जय' की आवाज जानी चाहिए। भाजपा की सरकारें जातियों और परिवारों के आधार पर नहीं चलतीं, नजदीक के व्यक्तियों के लिए नहीं चलतीं। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण के दोनों काल के कारण लम्बे समय बाद मैं यूपी की भूमि पर आया हूं। उन्होंने का कि स्व. बाल गंगाधर तिलक जी ने कहा था, आजादी मेरा जन्मसिद्ध अधिकार है, इस नारे ने अंग्रेजी शासन की नींव हिला कर रख दी थी, मैं स्व. बाल गंगाधर तिलक जी की पुण्यतिथि पर उनको विनम्र श्रद्धांजलि देता हूं। उनके दिखाए मार्ग पर चलकर आगे की पीढिय़ां देश का मान बढ़ाएं।
 
उन्होंने कहा कि मुझे तो पहले का यूपी ठीक तरह से याद है। अपराध व अपराधी बेलगाम थे। आज 2021 में यूपी में खड़ा हूं तो गर्व से कहता हूं कि योगी आदित्यनाथ की टीम ने उत्तर प्रदेश को आगे ले जाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश के विकास के लिए काम करती है, अब तो भ्रष्टाचारियों के दिल में योगी आदित्यनाथ का भय है, जिसकी वजह से भ्रष्टाचार कम हुआ है,आज वैक्सीनेशन में यूपी देश में सबसे आगे है। उन्होंने कहा कि हमने कहा था शासन एक जाति के लिए नहीं, सबके लिए होगा। पीएम नरेंद्र मोदी जब गुजरात में मुख्यमंत्री थे तो गांधीनगर में राष्ट्रीय फॉरेंसिक यूनिवर्सिटी बनाई गई।
 
अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मैने इससे पहले भी काफी भ्रमण किया है। 2013 से 2019 तक यहां के हर जिले का भ्रमण के दौरान अब मैं बेहद बदलाव महसूस कर रहा हूं। पहले उत्तर प्रदेश के कमजोर तथा गरीब लोग बेहद भयभीत थे। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तो अपराधियों के डर से लोग अपना घर तक बेचने पर मजबूर होते थे, लेकिन अब यहां पर अपराधी थानों में जाकर समर्पण कर रहे हैं। प्रदेश सरकार अपराध तथा सभी प्रकार के अपराधियों के प्रति बेहद सख्त है। इसके कारण ही यहां की अर्थव्यवस्था भी मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा भाजपा की सभी सरकार की प्राथमिकता गरीबों का विकास तथा सुदृढ़ कानून-व्यवस्था की है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण उत्तर प्रदेश ही है।
 
उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था देश में दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था हो चुकी है। अब यहां कर अर्थव्यव्था 11 लाख करोड़ से 22 लाख करोड़ की हो चुकी है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था बदहाल थी। माफिया राज इतना हावी था कि आज जिस भूमि पर हम इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंसेज की स्थापना कर रहे हैं, इस 142 एकड़ भूमि पर एक माफिया कब्जा करने जा रहा था। हमने कार्रवाई कि और माफिया उस जमीन से भाग गया। उन्होंने कहा कि 2019 में गृह मंत्री बनने के बाद अमित शाह ने अपराध के संदर्भ में इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंसेज के निर्माण का विचार उत्तर प्रदेश सरकार को दिया और आज इस इंस्टीट्यूट का शिलान्यास संपन्न हुआ। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में चार वर्ष के अंदर जो परिवर्तन हुआ है, वो गृह मंत्री अमित शह की विकासशील सोच वजह से ही है। 2017 से पहले उत्तर प्रदेश दंगों का प्रदेश माना जाता था, माफियाओं का कब्जा था। हमने उत्तर प्रदेश में पेशेवर माफियाओं और गैंगस्टरों से 1584 करोड़ की संपत्ति जब्त की है। आज तो माफियाओं में डर का माहौल है।
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »