29 Mar 2024, 13:50:38 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

रविवार को सिर्फ एलीट एथलीटों के साथ होगी दिल्ली हाफ मैराथन

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Nov 28 2020 4:53PM | Updated Date: Nov 28 2020 4:53PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। कोरोना महामारी के संकटपूर्ण समय में एयरटेल दिल्ली हाफ मैराथन के 16वें संस्करण का आयोजन रविवार को सिर्फ एलीट अंतर्राष्ट्रीय और भारतीय एथलीटों के साथ होगा। इस बार रेस में आम जनता की भागीदारी नहीं रहेगी। पुरुष और महिला वर्गों में 27-27 हजार डॉलर की पुरस्कार राशि मिलेगी जबकि कुल पुरस्कार राशि 233270 डॉलर की होगी।

गत चैंपियन इथोपिया के एंडमलाक बेलिहू और इथोपिया की तसेहे गेमचू इस प्रतिष्ठित रेस में अपना खिताब बचाने उतरेंगे। इस इथोपियाई जोड़ी का लक्ष्य भारतीय राजधानी में लगातार तीसरी जीत हासिल करना होगा। जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम से शुरू होकर नेहरू स्टेडियम पर समाप्त होने वाली इस रेस में लगभग 50अंतर्राष्ट्रीय और भारतीय एलीट धावकों की भागीदारी रहेगी।

दिल्ली में पिछले कुछ दिनों में कोरोना के मामले लगातार बढ़े हैं लेकिन आयोजक इस प्रतिष्ठित वर्ल्ड एथलेटिक्स गोल्ड लेवल रोड रेस को सुरक्षा के सभी मापदंडों और सरकार के दिशा- निर्देशों का पालन करते हुए जैव सुरक्षा वातावरण में करा रहे हैं। इस बार रेस को लंदन मैराथन की तर्ज पर आयोजित किया जा रहा है जिसमें सिर्फ एलीट एथलीट दौड़े थे। दिल्ली हाफ मैराथन में इस बार भीड़-भाड़ नहीं होगी और आम लोगों को रेस से दूर रखा गया है। पूरा आयोजन बायो बबल (जैव सुरक्षा वातावरण) में होगा। इसमें सिर्फ एलीट अंतर्राष्ट्रीय और भारतीय एथलीटों की भागीदारी रहेगी जो बायो बबल में रहेंगे। रेस में 26 भारतीय एथलीट और 23 अंतर्राष्ट्रीय एथलीट उतर रहे हैं। 

बेलिहू दिल्ली हाफ मैराथन में अपना खिताब बचाने के लिए तैयार हैं। बेलिहू ने कहा,‘‘यह साल कोरोना के कारण न केवल प्रोफेशनल एथलीटों बल्कि पूरी दुनिया के लिए मुश्किलों भरा रहा है लेकिन मुझे खुशी है कि मैं इस रेस में अपना खिताब बचाने के लिए उतरूंगा।’’ बेलिहू पिछले महीने पोलैंड में हुई विश्व एथलेटिक्स हाफ मैराथन चैंपियनशिप में पांचवें स्थान पर रहे थे और हाफ मैराथन में उनका सर्वश्रेष्ठ समय 59:10 मिनट है।

महिला वर्ग में मैराथन की विश्व रिकॉर्डधारी ब्रिगिड कोसेगी और विश्व हाफ मैराथन रिकॉर्डधारी अलाबेल येशानेह रेस में खिताब के लिए अपनी दावेदारी पेश करेंगी। कोसेगी ने अक्टूबर 2019 में शिकागो मैराथन में 2:14:04 का समय लिया था और महिला विश्व मैराथन का रिकॉर्ड एक मिनट से अधिक समय से तोड़ा था। येशानेह शिकागो में दूसरे स्थान पर रही थी और उन्होंने 2:20:51 का समय लिया था। इस वर्ष फरवरी में रस अल खेमाह हाफ मैराथन में इथोपिया की येशानेह ने 64:31 मिनट का विश्व रिकॉर्ड बनाया जबकि कोसेगी 64:49 मिनट का समय लेकर दूसरे स्थान पर रहीं। 26 वर्षीय कोसेगी ने पिछले महीने लंदन मैराथन 2:18:58 के समय में जीती थी।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »