गाजियाबाद। कोरोना वायरस से गाजियाबाद के पूर्व सांसद और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में शुमार सुरेंद्र प्रकाश गोयल का शुक्रवार को निधन हो गया। सुरेंद्र प्रकाश गोयल के निधन से कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। सुरेंद्र प्रकाश के चले जाने के बाद कांग्रेस पार्टी में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेंद्र प्रकाश गोयल ने बीते दिनों कोरोना वायरस की पुष्टि हुई थी। जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक बीते 15 दिनों से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता का इलाज दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में चल रहा था।
उनके निधन की पुष्टि उनके बेटे सुशांत गोयल ने की है। जैसे ही कांग्रेसी नेताओं को जब वरिष्ठ नेता सुरेंद्र प्रकाश गोयल के निधन की खबर मिली तो शोक की लहर दौड़ गयी। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, 20 जुलाई 2020 को पूर्व सांसद की कोरोना जांच कराई गई तो संक्रमण की पुष्टि हुई थी।
उनका शुरू में होम-आइसोलेशन में ही उपचार किया गया। हालत बिगड़ने पर 2 अगस्त को उन्हें दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 75 वर्षीय सुरेंद्र प्रकाश गोयल का शुक्रवार सुबह निधन हो गया है। राजीव त्यागी के निधन के बाद कांग्रेस को यह दूसरा बड़ा नुकसान है।