नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता मनोज सिन्हा जम्मू-कश्मीर के नए उपराज्यपाल होंगे। गिरीश चंद्र मूर्मू ने बुधवार को इस पद से इस्तीफा दे दिया था। मनोज सिन्हा मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में रेल राज्य मंत्री रह चुके हैं। मगर पिछले साल वो ग़ाज़ीपुर से अपनी सीट पर चुनाव हार गए थे। मनोज सिन्हा 2017 में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल थे। उनका यूपी का मुख्यमंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा था।
2017 में यूपी के सीएम की कुर्सी के लिए बीजेपी के भीतर चल रही रेस में सबसे आगे मनोज सिन्हा का नाम चल रहा था। उन्हें बधाइयां भी मिलने लगी थीं। इस दौरान उन्होंने बधाईयों का खंडन भी नहीं किया और न ही हामी भरी। उन्हें बधाई मिलती तो वह मुस्कुरा देते। इससे उनके यूपी सीएम बनने की अटकलें और तेज हो गई थीं।
उसी दौरान उन्होंने काशी के कोतवाल कालभैरव व संकटमोचन मंदिर में दर्शन-पूजन भी किया था। हालांकि बाद में योगी आदित्यनाथ को यूपी का सीएम बना दिया गया था। मनोज सिन्हा का जन्म 1 जुलाई 1959 को गाजीपुर के मोहनपुरा इलाके में हुआ था। उन्होंने वाराणसी के बीएचयू आईआईटी से 1982 में सिविल स्ट्रीम में बीटेक और एमटेक किया। बीएचयू में पढ़ने के दौरान वह विद्यार्थी संघ के अध्यक्ष भी थे। 1989-96 में वह राष्ट्रीय परिषद के सदस्य रहे।