नई दिल्ली। नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के 'अयोध्या' वाले बयान पर बीजेपी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती का एक बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में केंद्र सरकार जवाब देगी। श्री राम तो पूरे ब्रह्मांड के हैं। वहीं महावीर मंदिर न्यास समिति के प्रमुख आचार्य किशोर कुणाल ने कहा, नेपाल में कोई सरयू नदी है ही नहीं।
राम कौशल देश के थे, कौशल देश उत्तर प्रदेश में है। जनक देश सीतामढ़ी में था ना की नेपाल में। उन्होंने कहा, मैं चुनौती देता हूं, ओली जी को 5 विद्वान नेपाल से और 5 विद्वान भारत से उनके बीच बहस करा लें, कोई प्रमाण नहीं दे पाएंगे की अयोध्या नेपाल में थी।
पीएम ओली ने सोमवार को कहा था कि अयोध्या नेपाल में है और भारत ने एक नकली अयोध्या बना कर सांस्कृतिक अतिक्रमण किया है। ओली ने कहा था कि हम अब भी मानते हैं कि हमने भारतीय राजकुमार राम को सीता दी थी, लेकिन हमने भारत की अयोध्या के राजकुमार को नहीं बल्कि नेपाल में स्थित अयोध्या के राजकुमार से सीता का विवाह किया था। नेपाली प्रधानंत्री ने अपने इस दावा पर तर्क दिया कि अगर भारत की अयोध्या अगर असली होती तो, वहां के राजकुमार इतनी दूर विवाह करने जनकपुरी क्यों आते?