नई दिल्ली। केंद्रीय पर्यटन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा है कि आगामी छह जुलाई को सिर्फ वही संरक्षित स्मारक खोले जायेंगे, जो कंटेनमेंट जोन में नही हैं। पटेल ने शुक्रवार को यह जानकारी दी कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) द्वारा संरक्षित वही स्मारक या संग्रहालय छह जुलाई को पर्यटकों के लिए खोले जाएंगे जो कंटेनमेंट जोन में नहीं हैं। कंटेनमेंट जोन के स्मारकों को नहीं खोला जायेगा। जिन स्मारकों को पर्यटकों के लिए खोला जाना है उन्हें गृह मंत्रालय और स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी सैनिटाइजेशन, सोशल डिस्टेसिंग आदि से संबंधित प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। ये स्मारक जिस राज्य या जिले में हों उन्हें वहां की राज्य सरकार और जिला सरकार के निर्देशों को भी सख्ती के साथ लागू करना होगा।
एएसआई ने कहा है कि इन स्मारकों के लिए प्रवेश टिकट सिर्फ ऑनलाइन मिलेंगे। अगला आदेश आने तक स्मारक में टिकट नहीं मिलेंगे। स्मारक जाने वाले पर्यटकों का मास्क पहनना अनिवार्य है। किसी भी स्मारक के परिसर के अंदर सामूहिक तस्वीर नहीं ली जा सकती है।
परिसर के अंदर कोई भी खाद्य पदार्थ ले जाना मना है। इसके अलावा सभी स्मारकों में प्रवेश द्वार पर थर्मल स्कैनिंग की सुविधा होनी चाहिए। कोरोना वायरस संक्रमण के लक्षणों वाले पर्यटकों को अंदर जाने की मनाही रहेगी। देश भर के 3,691 स्मारक एएसआई द्वारा संरक्षित हैं , जिनमें से गत आठ जून को ऐसे 820 स्मारकों को आम लोगों के लिए खोल दिया गया , जो पूजा के स्थान हैं।