बलिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 'आत्मनिर्भर भारत' का संकल्प देश को स्वाभिमानी, समृद्ध व शक्तिशाली बनाएगा। केंद्र सरकार की स्वदेशी की भावना को प्रबल बनाने की इच्छाशक्ति से कृषि अर्थव्यवस्था आगे बढ़ रही है। ये बातें बलिया के सांसद वीरेन्द्र सिंह मस्त ने गुरुवार को पत्रकारों से कही।
मोदी 2.0 सरकार के एक वर्ष पूरे होने के अवसर पर विकास भवन परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में मस्त ने कहा कि कोरोना की महामारी के समय पीएम ने 20 लाख करोड़ की सहायता गांव, गरीब व किसानों को देकर दुनिया में मिसाल कायम की है। कहा कि आजादी के बाद केंद्र में यह पहली सरकार है, जिसके चुनाव घोषणा पत्र पर आमलोगों का भरोसा पैदा हुआ है।
सांसद मस्त ने धारा 370, नागरिकता संशोधन कानून, राममंदिर जैसे मुद्दों का हवाला देते हुए कहा कि हम भाजपा के लोग जो कहते हैं उसे कर के दिखाते हैं। कहा कि गरीबी दूर करने के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार कई योजनाएं लागू की हैं। देश में 62 फीसदी आबादी किसानों की है। किसानों के लिए अनेक योजनाएं लागू हुई हैं। 61 वर्ष से अधिक उम्र के पेंशन देने की योजना बनी। किसानों को पहले लागत पर लाभकारी मूल्य 50 फीसदी दिया जाता था। अब 83 फीसदी से ज्यादा दिया जाएगा।
अब किसान देश में कहीं भी अपने उत्पाद को बेच सकते हैं। मस्त ने कहा कि हमारी सरकार ने स्वदेशी वस्तुओं के उत्पादन के लिए सभी उद्योगों को भारी आर्थिक सहायता दी है। इससे देश में निर्मित वस्तुओं को बढ़ावा मिलेगा। इस मौके पर खेल व पंचायती राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उपेन्द्र तिवारी व संसदीय कार्य राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल भी थे।