28 Mar 2024, 16:43:29 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

Lockdown 5.0 का आज पहला दिन, जानें किस राज्य में क्या मिलेगी छूट, क्या रहेगा बंद

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jun 1 2020 10:27AM | Updated Date: Jun 1 2020 10:28AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

कोरोना वायरस के चलते लॉकडाउन की मार झेल रहा देश आज से धीरे-धीरे अनलॉक हो रहा है। पिछले दिनों गृह मंत्रालय की ओर से जारी गाइडलाइन में कंटेनमेंट जोन के बाहर सभी तरह की गतिविधियों को फिर से शुरू करने की इजाजत दी गई। वहीं, कंटेनमेंट जोन में 30 जून तक के लिए लॉकडाउन को बढ़ा दिया। सरकारी नियमों के अनुसार, लोगों को अब एक राज्य से दूसरे राज्य जाने के लिए किसी पास की जरूरत नहीं होगी। अधिकांश राज्यों में भी लॉकडाउन 5 को एक जून से 30 जून तक बढ़ा दिया गया है। तमाम तरह की पाबंदियों में सख्ती के साथ ढील भी दी गई है। लोगों की आवाजाही और दुकानों व बाजारों को खोलने के लिए आंशिक रूप से प्रतिबंध हटा दिया गया है। कोविड-19 कंटेमनेंट क्षेत्र में पाबंदियां पहले की तरह लागू रहेंगी। जानें, किन राज्यों ने किस क्षेत्र में दी है छूट:

उत्तर प्रदेश :  आज से बसें शुरू, निर्देशों के उल्लंघन पर जुर्माना

यूपी सरकार ने लॉकडाउन-5 के संबंध में दिशा-निर्देश जारी करते हुए जून से प्रदेश के अंदर अंतरजनपदीय बस सेवाएं शुरू करने का फैसला किया है। इसके साथ ही सभी बाजार सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक खुलेंगे। सभी धार्मिक स्थल 8 जून से खुल सकेंगे। एक जून से 30 जून तक चलने वाले लॉकडाउन-5 के संबंध में प्रदेश के मुख्य सचिव आरके तिवारी ने रविवार को शासनादेश जारी किया। ये अनुमतियां मास्क, सैनिटाइजेशन का कड़ाई से पालन करने के निर्देशों के साथ दी गई हैं। हिदायतों का पालन न करने पर कड़ा जुर्माना वसूला जाएगा। होटल, रेस्टोरेंट अन्य अतिथि सत्कार सेवाएं और शापिंग माल भी 8 जून से खुल सकेंगे।

बिहार : आठ जून से कई आर्थिक गतिविधियां होंगी शुरू

कोरोना संक्रमण के बीच बिहार में 8 जून से कई आर्थिक और सामाजिक गतिविधियां शुरू होंगी। लॉकडाउन-4 की समाप्ती के आखिरी दिन गृह विभाग ने केन्द्र सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों को बिहार में हू-ब-हू लागू करने का आदेश जारी कर दिया। लॉक डाउन को सिर्फ कंटेनमेंट जोन तक सीमित कर दिया गया है। बाकी जगहों पर मॉल, होटल और रेस्टोरेंट खुलेंगे। पूजा-पाठ भी होगी। हालांकि शिक्षण संस्थानों को खोलने का निर्णय जुलाई में होगा। गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव आमिर सुबहानी ने केन्द्र के गाइडलाइन को लागू करने का आदेश रविवार को जारी कर दिया।

दिल्ली : राहतों पर आज घोषणा

लॉकडाउन पांच में राहतों को लेकर दिल्ली सरकार सोमवार को घोषणा करेगी। रविवार को लॉकडाउन पांच में दी जाने वाली राहतों को लेकर बैठक हुई। बैठक में नए राहतों को लेकर मानक संचालन प्रक्रिया बनाने पर चर्चा की। सोमवार को एक बार फिर चर्चा के बाद इसकी घोषणा की जाएगी। सूत्रों की मानें तो दिल्ली सरकार इस बार लॉकडाउन पांच में सैलून खोलने को लेकर छूट दे सकती है। यह छूट 8 जून से पहले भी जारी हो सकती है। 8 जून के बाद मंदिर, शापिंग मॉल के साथ बाजार खोलने का समय भी बढ़ाया जा सकता है। बाजारों में सम-विषम से भी राहत की उम्मीद है। नई राहतों के साथ किन शर्तों का ध्यान रखना होकर इसे लेकर सरकार काम कर रही है। एलजी की मंजूरी के बाद सरकार इसे जारी करेगी। केंद्र ने लॉकडाउन पांच में कई छूट दी है। कंटेनमेंट जोन में छूट नहीं दी जाएगी।

पश्चिम बंगाल : धार्मिक संस्थान में एक बार में दस लोगों को अनुमति

सरकार ने सभी धर्मों के पूजा स्थलों को सोमवार से फिर से खोलने की अनुमति दे दी है, पर धार्मिक संस्थानों ने रविवार को कहा कि उन्हें और समय की जरूरत है, जिससे वे श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था स्थापित कर सकें। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक जून से सभी धार्मिक संस्थानों को खोलने की घोषणा की थी। हालांकि एक शर्त भी है कि एक बार में सिर्फ 10 लोग ही अंदर जा सकते हैं।

हरियाणा : एक जून से अंतरराज्यीय सीमाएं खोलेगा

हरियाणा सरकार ने रविवार को लॉकडाउन के अगले चरण के लिये नए दिशानिर्देश जारी करते हुए एक जून से अंतरराज्यीय सीमाओं को खोलने का फैसला किया है जिसमें दिल्ली से लगने वाली उसकी सीमा भी शामिल है। इसके साथ ही प्रदेश में आठ जून से धार्मिक स्थल, होटल और मॉल भी खुलेंगे। लॉकडाउन के अगले चरण के लिये एक जून से केंद्र के दिशानिर्देशों पर अमल करते हुए लोगों और सामान की अंतरराज्यीय आवाजाही की भी इजाजत दे दी गई है। प्रदेश में जारी नए दिशानिर्देशों के मुताबिक निरुद्ध क्षेत्र में 30 जून तक पाबंदी लागू रहेगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रविवार देर रात अपने कुछ वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों के साथ बैठक की और केंद्र के नए बंद दिशानिर्देशों पर यह फैसला लिया।

छत्तीसगढ़ : सार्वजनिक परिवहन पर प्रतिबंध बरकरार

एक जून से शुरू हो रहे देशव्यापी लॉकडाउन के पांचवें चरण के मद्देनजर छत्तीसगढ़ सरकार ने रविवार को कहा कि अधिकारियों की अनुमति के बिना अंतरराज्यीय आवाजाही पर रोक बरकरार रहेगी। अधिकारियों ने कहा कि राज्य के भीतर और अंतरराज्यीय बस सेवा की शुरुआत करने के बारे में परिवहन विभाग अलग से आदेश जारी करेगा। जनसंपर्क विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि छत्तीसगढ़ सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव कमलप्रीत सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी ताजा निर्देशों के आलोक में रविवार शाम को नए दिशा-निर्देश जारी किए।  उन्होंने कहा, ‘दिशा-निर्देशों के मुताबिक, लोगों की अंतरराज्यीय यात्रा पर लागू प्रतिबंध पहले की तरह ही बरकरार रहेगा। लोगों को अंतरराज्यीय यात्रा के लिए ई-पास लेना होगा। इसी तरह, एक जिले से दूसरे जिले की यात्रा के लिए भी ई-पास प्राप्त करना होगा।’

कर्नाटक : अंतरराज्यीय आवाजाही पर लगी रोक हटाई

कर्नाटक सरकार ने निषिद्ध क्षेत्र को छोड़कर लॉकडाउन में चरणबद्ध तरीके से छूट देने का रास्ता साफ करते हुए रविवार को लोगों व सामान की राज्य के अंदर और अंतरराज्यीय आवाजाही पर लगी रोक हटा दी। गृह मंत्रालय के दिशानिर्देशों को ध्यान में रखते हुए मुख्य सचिव टी एम विजय भास्कर ने तत्काल प्रभाव से एक आदेश जारी किया जो 30 जून 2020 तक लागू रहेगा।

राजस्थान : दफ्तरों में कामकाज की मंजूरी

राजस्थान सरकार ने लॉकडाउन 5 के लिए जारी दिशानिर्देश के तहत एक जून से सभी सरकारी और निजी कार्यालयों को पूरी क्षमता के साथ काम करने की अनुमति दी है। हालांकि, निजी कार्यालयों में जहां तक संभव हो घर से काम करने को प्रोत्साहित करने की बात कही गई है। मॉल, होटल, रेस्तरां, क्लब हाउस (स्पोर्ट्स सुविधाओं के अतिरिक्त) तथा सभी धार्मिक स्थल बंद रहेंगे।

महाराष्ट्र : सम-विषम के आधार पर खुलेंगी दुकानें

राज्य सरकार ने संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लागू लॉकडाउन को 30 जून तक के लिए बढ़ाने का ऐलान किया। रविवार को जारी निर्देश में मॉल को छोड़कर सभी बाजार, बाजार क्षेत्रों व दुकानें को पांच जून से सम-विषम आधार पर खोलने की अनुमति होगी। सभी निजी कार्यालयों को आठ जून से दस फीसदी कर्मचारियों के साथ काम करने की अनुमति है। वहीं, अन्य कर्मचारी घर से ही काम करेंगे।

तमिलनाडु : सार्वजनिक परिवहन की बहाली, चेन्नई में रोक

तमिलनाडु सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण को काबू में करने के लिए लागू लॉकडाउन की अवधि 30 जून तक के लिए बढ़ा दी है। हालांकि सरकार ने सार्वजनिक परिवहन सुविधा को आंशिक रूप से बहाल करने और कार्यस्थल पर अधिक कर्मियों की मंजूरी देने समेत कुछ ढील दी गई है। लेकिन चेन्नई, कांचीपुरम, तिरुवल्लूर और चेंगलपेट जिलों में बसें नहीं चलेंगी।

केरल : स्कूली छात्रों के लिए आज से ऑनलाइन क्लास

केरल सरकार 1 जून से स्कूली छात्रों के लिए वर्चुअल कक्षाएं शुरू करेगी। कक्षा सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक चलेंगी। सोमवार से शुक्रवार तक 1 से 12 तक के छात्रों के लिए कक्षाएं चलेंगी। जिन छात्रों के पास ऑनलाइन कक्षाओं के लिए सुविधाओं का अभाव था और जिनके पास था, उस श्रेणी में दो लाख से अधिक छात्रों की पहचान की गई है।

गुजरात :  व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को खोलने की अनुमति

सरकार ने लॉकडाउन 30 जून तक बढ़ाते हुए सोमवार से पाबंदियों में ढील देने की घोषणा की है। कोविड-19 निषिद्ध क्षेत्र के बाहर सभी दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को खोलने की अनुमति देने का फैसला किया है। राज्य परिवहन की बसों को 60% यात्री क्षमता के साथ चलने की अनुमति होगी। दोपहिया वाहनों पर चालक और एक सवारी ही बैठ सकेंगे।

जम्मू-कश्मीर : आठ जून तक बढ़ा लॉकडाउन

प्रशासन ने रविवार को लॉकडाउन की अवधि आठ जून तक बढ़ा दी। केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों पर अमल करने से पहले संघ शासित क्षेत्र में कोविड-19 से उत्पन्न स्थिति की ताजा समीक्षा करने की आवश्यकता है। मुख्य सचिव ने एक आदेश जारी कर कहा कि लॉकडाउन के संबंध में 19 और 24 मई को जारी दिशा-निर्देश आठ जून तक लागू रहेंगे।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »