नई दिल्ली। रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी ने कहा है कि रिलायंस लाइफ साइंसेस ने कोरोना वायरस ‘कोविड-19’ की जांच के लिए स्वयं की टेस्ट किट विकसित की हैं, जो शुरुआत में कंपनी के कर्मचारियों के लिए उपलब्ध होगी और बाद में इसे अन्य लोगों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। अंबानी ने रिलायंस के उन हजारों कर्मचारियों की पीठ थपथपाई जो दिन-रात मोबाइल, आवश्यक समानों और ईंधन जैसी सेवाओं को लॉकडाउन के बीच भी चालू रखने के लिये जुटे हुए हैं।
उन्होंने देश की जीवन रेखा कंपनी के इन कर्मचारियों को ‘फ्रंटलाइन वारियर्स’ कहकर सम्मानित किया। अंबानी ने दोहराया कि रिलायंस इंडस्ट्रीज कोरोना वायरस के खिलाफ इस जंग में देश के साथ खड़ी है। समूह के दो लाख से अधिक कर्मचरियों को भेजे एक ई-मेल संदेश में अंबानी ने कहा कि आधुनिक इतिहास के सबसे भयानक रोग से जूझने में रिलायंस के कर्मचारियों ने जो असाधारण प्रतिबद्धता दिखाई है, वह काबिले तारीफ है। उन्होंने कहा कि जब देश के अधिकतर नागरिक लॉकडाउन का सामना कर रहे हैं।
ऐसे में दूरसंचार क्षेत्र में जियो ने निर्बाध सेवाओं से 40 करोड़ लोगों को कनेक्ट कर रखा है। रिलायंस रिटेल लाखों लोगों तक आवश्यक सामान पहुंचा रही है। रिलायंस लाइफ साइंसेस देश में की टेस्ट क्षमता को बढ़ाने में लगी है और सर एच एन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल ने केवल 10 दिनों में मुंबई में 100 बिस्तरों वाला कोरोना अस्पताल बना दिया। उन्होंने कहा कि रिलायंस लाइफ साइंसेस ने कोविड-19 के लिए अपना स्वयं का टेस्ट किट विकसित की है, जो शुरुआत में रिलायंस कर्मचारियों के लिए उपलब्ध होगी। बाद में इसे लोगों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि इस कठिन समय को एक साथ मिलकर पार कर लिया जायेगा।