29 Mar 2024, 21:15:11 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

आश्रम-3 विवाद: BJP सांसद प्रज्ञा ठाकुर बोलीं- साधु-संत स्क्रिप्ट...

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Oct 26 2021 12:54PM | Updated Date: Oct 26 2021 12:54PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

भोपाल। बॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्माता प्रकाश झा  की Web Series आश्रम-3 की शूटिंग को लेकर हुआ विवाद अब राजनीतिक रंग लेने लगा है। MP की राजधानी भोपाल में फिल्म शूटिंग को लेकर मचे बवाल के बीच स्थानीय BJP सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर भी आक्रामक हो गई हैं। बीते सोमवार को मीडिया से चर्चा में साध्वी ने कहा कि ‘भारत में रहकर सनातन धर्म के साथ खिलवाड़ नहीं चलेगा। साधु-संत फिल्में नहीं देखते, लेकिन अब इसके लिए अलग से विभाग बनाया जाएगा। अब कोई भी फिल्म बनने से पहले यह विभाग उसकी स्क्रिप्ट पढ़ेगा, उसके बाद ही फिल्म बनाने की अनुमति दी जाएगी’। साध्वी प्रज्ञा इस मामले में एमपी के सीएम शिवराज सिंह चौहान को भी चिट्ठी लिखेंगी। प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि वे इस बारे में सीएम शिवराज से पत्राचार करेंगी। वे सीएम से पूछेंगी कि वेब सीरीज आश्रम-3 की शूटिंग की अनुमति कैसे दी गई। क्या इसके पहले इसकी स्क्रिप्ट पढ़ी गई थी?
 
Web Series को लेकर मचे बवाल के बाद सांसद प्रज्ञा ठाकुर (Sadhvi Pragya on Ashram-3) ने चेतावनी भी दी है। सांसद प्रज्ञा ने कहा कि हिंदू सनातन धर्म की व्यवस्थाओं और धर्म को बदनाम करने की इस तरह की कोशिशों की अनुमति नहीं दी जाएगी। यदि ऐसा हुआ तो वे उसके खिलाफ अपना विरोध व्यक्त करेंगी। ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। सांसद साध्वी प्रज्ञा भारत भक्ति अखाड़े की महामंडलेश्वर हैं। बीते सोमवार को अखिल भारतीय संत समिति के प्रतिनिधिमंडल ने वेब सीरीज के खिलाफ उन्हें ज्ञापन सौंपा था। संत समिति ने वेब सीरीज की शूटिंग रुकवाने की अपील की। इसके बाद मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए सांसद ने कहा कि उनका अखाड़ा अब एक विभाग बनाएगा। विभाग सभी फिल्म और वेब सीरीज को पहले देखेगा। कंटेंट में किसी भी तरह की आपत्तिजनक सामग्री को हटाया जाएगा। धर्म को गलत तरीके से पेश करने वाले सीन, फोटो या वीडियो को हटाने के बाद ही फिल्म के रिलीज की इजाजत दी जाएगी।
 
बता दें कि बीते रविवार को राजधानी भोपाल में आश्रम-3 की शूटिंग के दौरान सेट पर बजरंग दल के कार्यकताओं ने जमकर हंगामा मचाया था। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने प्रकाश झा पर स्याही फेंकी और शूटिंग में लगे कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़कर पीटा भी था। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने वैनिटी वैन समेत पांच वाहनों में तोड़फोड़ भी की थी। इसमें कई कर्मचारियों को चोटें भी आई थीं। MP के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बीते सोमवार को वेब सीरीज का नाम बदलने की मांग कर चुके हैं। गृह मंत्री मिश्रा ने कहा कि वेब सीरीज के नाम पर लंबे समय से जानबूझकर हिंदू धर्म को टारगेट करने की कोशिश की जा रही है। बहुसंख्यक समाज की भावना को देखते हुए प्रकाश झा को आश्रम वेब सीरीज का नाम बदलने पर विचार करना चाहिए। नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि हम तोड़फोड़ को गलत मानते हैं। उस पर कार्रवाई भी हो रही है।
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »