20 Apr 2024, 15:03:54 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

कमलनाथ की तरह पैसों का रोना रोने वाले मुख्यमंत्री नहीं: शिवराज

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Oct 20 2021 6:35PM | Updated Date: Oct 20 2021 7:13PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

सतना। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर हमला करते हुए आज कहा कि वह कमलनाथ की तरह पैसों का रोना रोने वाले मुख्यमंत्री नहीं है। हमारी सरकार में जन कल्याण की योजनाओं के लिए पैसों की कोई कमी नहीं है।
 
चौहान ने जिले के रैगांव विधानसभा सीट के लिए होने वाले उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी प्रतिमा बागरी के समर्थन में महतैन, श्रीनगर और सितपुरा की जनसभाओं को संबोधित करते हुए यह बाते कहीं। उन्होंने जहां एक ओर भाजपा सरकार द्वारा चलाई जा रही तमाम जन कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र किया, वहीं, उन्होंने कमलनाथ को पैसों के लिए रोने वाला मुख्यमंत्री बतलाया।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के हित में चलाई जा रही सभी कल्याणकारी योजनाओं को कमलनाथ ने यह कहकर बंद कर दिया था कि उनके पास पैसे नही हैं। उन्होंने कहा कि कमलनाथ जब तक मुख्यमंत्री रहे, पैसों के लिये रोते रहे। उन्होंने कहा कि कोरोना के चलते थोड़ी दिक्कत जरूरी हुयी है, लेकिन कल्याणकारी योजनाओं के लिए पैसों की कोई कमी नही है। उन्होंने कहा कि वे कमलनाथ जैसे नेता नहीं, जो सिर्फ भाषण देने के लिए जनता की बीच जाते हैं। वे तो आपका दुख, दर्द पीकर आपकी जिदंगी बेहतर कैसे बने इसके लिए मुख्यमंत्री बने हैं।
 
चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश की जनता उनके लिए भगवान है। आपको जो विकास का जो वचन दिया है, वह पूरा करेंगे, जान भले ही चले जाए, परंतु आपके वचन को टूटने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि भांजे, भांजियों के लिए संबल योजना बनायी थी और यह तय किया था कि गरीब परिवार के बेटा, बेटियां जो आईआईटी, आईआईएम, मेडिकल या इंजीनियरिंग की पढाई करना चाहते हैं और अपनी फीस नहीं भर सकते, उनकी फीस उनके माता, पिता नहीं ‘मामा’ चौहान भरवाएगा। लेकिन, मुख्यमंत्री बनने पर कमलनाथ ने यह योजना बंद कर दी थी।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बांग्लादेश में हिन्दुओं पर अत्याचार हो रहे हैं। उनके घर जलाए जा रहे हैं, उनको बेघर किया जा रहा है। ऐसे पीड़ित हिन्दुओं को भारत शरण देगा। यदि हिन्दू भाई, बहनों को किसी देश से निकाल दिया गया है और उन्होंने भारत की धरती पर शरण ली है तो उनकी चिंता हमें ही करना होगी। उन्होंने कहा कि वे उन बंगाली हिन्दू भाईयों को आश्वस्त करना चाहते हैं कि आपको तकलीफ में नहीं रहने देंगे, हर संभव मदद करेंगे।
 
उन्होंने कहा कि 15 महीने की कमलनाथ सरकार ने प्रदेश का तबाह और बर्बाद करने का काम किया है। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के शासन को दोहराने का काम किया। जब यह समझ नहीं आता था कि सड़क में गड्डा है या गड्डे में सड़क। न सड़कें थीं न लोगों को पीने का पानी, सिंचाई हों या बिजली कांग्रेस राज में किसान परेशान था। उन्होंने कहा कि आज चारों तरफ सड़कों का जाल दिख रहा है और लोगों को घर-घर पानी पहुंचाने का अभियान चल रहा है, तो ये भाजपा का कार्य है।
 
जनसभा को पार्टी प्रत्याशी प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह ने भी संबोधित किया। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी, मंत्री रामखेलावन पटेल, रामपाल सिंह, विधायक शरद कोल, प्रदेश उपाध्यक्ष योगेश ताम्रकार जिला अध्यक्ष नरेंद्र त्रिपाठी,  पुष्पराज बागरी, मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र शुक्ला, शंकर व्यास त्रिपाठी, पवन शर्मा आदि मौजूद रहे।
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »