28 Mar 2024, 16:27:53 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

काम-धंधा और बुनियादी सुविधाओं के साथ नगरों को दें भव्य स्वरूप : शिवराज

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jan 28 2021 12:14AM | Updated Date: Jan 28 2021 12:15AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

देवास। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य नगरों को भव्य स्वरूप देना है, किंतु इसके साथ-साथ काम-धंधा और बुनियादी सुविधाओं का ध्यान रखा जाएगा। चौहान ने यहां नगर­ निगम में पंचवर्षीय रोडमैप देवास विजन-2021-26 का प्रेजेंटेंशन देखा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़े शहरों की तर्ज पर जिलों में नगर परिषदों की कार्य योजना बनाकर छोटे शहरों का विकास किया जाये। इसी के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाबद्ध कार्य हो। उन्होंने कहा कि देवास में मां चामुंडा एवं तुलजा भवानी के मंदिरों के विकास में जो बेहतर होगा वह करेंगे।

मुख्यमंत्री ने बैठक में देवास विकास योजना में 718 हेक्टेयर के नए औÞद्योगिक क्षेत्र के विकास तथा 390 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले 5.6 किलोमीटर लंबे मिनी सुपर कोरिडोर को मंजूरी दी। मिनी कॉरिडोर उज्जैन रोड को टाटा एक्सपोर्ट इंदौर रोड तक जोड़ेगा। कॉरिडोर 45 मीटर चौड़ा व 6 लेन का होगा। इसके दोनों ओर 150 मीटर क्षेत्र को विकसित करते हुए पूर्व दिशा में अतिरिक्त 150 मीटर चौड़ी आवासीय पट्टी विकसित की जाएगी।

चौहान ने देवास विकास के लिए 4 प्रोजेक्ट की स्वीकृति दी। इनमें एमआर-1 से मिनी सुपर कॉरिडोर को जोड़ने वाला फ्लाय ओवर, कैला देवी चौराहे से मिनी सुपर कॉरिडोर को जोड़ने वाला फ्लाई ओवर तथा मिसिंग लिंक को जोड़ने वाले शेष कार्य शामिल हैं। कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला ने बताया कि मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम के सहयोग से नए औद्योगिक क्षेत्र का विकास किया जाएगा। इस नए औद्योगिक विकास में 400 छोटी-बड़ी कंपनी आएगी, जिसमें 20 हजार व्यक्तियों को पूर्णकालिक रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री ने पूरी योजना को स्वीकृति प्रदान करते हुए कहा कि देवास निवेश के लिए आदर्श स्थान है।

प्रेजेंटेशन में एक जिला एक उत्पाद के तहत सिरसौदा पोटेटो क्लस्टर विकसित करने की योजना प्रस्तुत की गई। इसके तहत 4 लाख 95 हजार 600 वर्ग मीटर में 62 आलू उत्पादक किसानों को भूखंड अपनी इकाई स्थापित करने के लिए दिए जाएंगे। कलेक्टर ने बताया कि रेलवे लाइन के बाई तरफ का स्थान खाली पड़ा है, जिसको विकसित करने का प्लान बनाया गया है। इस क्षेत्र में 43 मीटर चौड़ा कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। बैठक में औद्योगिक नीति संवर्धन एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, विधायक गायत्री राजे पवार, विधायक मनोज चौधरी, विधायक आशीष शर्मा, विधायक पहाड़ सिंह कनोजे और जिला पंचायत अध्यक्ष नरेंद्र सिंह राजपूत सहित अन्य जन-प्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »