25 Apr 2024, 10:38:38 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

किसानों के हित में फसल बीमा योजना नए स्वरूप में लाई जाएगी : शिवराज

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Sep 23 2020 7:52PM | Updated Date: Sep 23 2020 7:53PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

खंडवा। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि किसानों के हितों के लिए राज्य सरकार फसल बीमा योजना को नए स्वरूप में लाएंगी। चौहान ने जिले के पुनास में विकास कार्यो के लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में फसल बीमा योजना एक नए स्वरूप में लाई जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जिले की पुनासा माइक्रो लिफ्ट इरिगेशन योजना का पुन: आकलन कर छूटे हुए गांवों को जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दीन-दुखियों और गरीबों के लिए संबल योजना उनका हक है।
 
मुख्यमंत्री ने इस वर्ष बारिश से प्रभावित हुई फसलों का ईमानदारी से सर्वें कराने के आदेश देते हुए कहा कि पर्याप्त राहत राशि की व्यवस्था की जाएगी। इस मौके पर उन्होंने जिले को करोड़ों रूपए की सौगात देते हुए खंडवा जिले की मूंदी और किल्लोद नगर परिषद को तहसील का दर्जा देने की घोषणा भी की। उन्होंने संत सिंगाजी स्थल को प्रदेश का धार्मिक पर्यटन स्थल भी बनाने की घोषित की। इसके अलावा उन्होंने यहां अधोसंरचना के विकास के लिए 1 करोड़ 55 लाख रुपए भी देने की घोषणा की है।
 
चौहान ने कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को राशि और प्रमाण-पत्र वितरित किए। उन्होंने मूंदी नगर परिषद के 190 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रथम किश्त के रूप में 1.90 करोड़ रूपए वितरित किये। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने 44.77 करोड़ रूपए की लागत के 6 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और 13.8 करोड़ रूपए की लागत के 14 निर्माण कार्यों का लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री ने मंच से विभिन्न योजनाओं में हितग्राहियों को हितलाभ, प्रमाण-पत्र एवं पात्रता पर्ची का वितरण भी किया।
 
राज्य के कृषि मंत्री कमल पटेल ने लोकार्पण व भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में अब सर्वांगीण विकास के लिए आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की दिशा में कदम बढ़ाए गए हैं। अब सरकार द्वारा निरंतर लोक कल्याणकारी योजनाओं से नागरिकों को लाभांवित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आरबीसी 6/4 के अंतर्गत बारिश से प्रभावित फसलों की राहत राशि किसानों को प्रदान की जाएगी।
 
कार्यक्रम को क्षेत्रीय सांसद नंद कुमार सिंह चौहान ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में खंडवा विधायक देवेंद्र वर्मा, पंधाना विधायक राम दांगोड़े, मांधाता के पूर्व विधायक नारायण पटेल, खंडवा कलेक्टर अनय द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »