28 Mar 2024, 20:45:14 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

मध्यप्रदेश में कोरोना की रिकवरी रेट 75 प्रतिशत हुई

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Aug 12 2020 12:14AM | Updated Date: Aug 12 2020 12:15AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में कोरोना की रिकवरी रेट लगातार बढ़ रही है तथा बड़ी संख्या में मरीज स्वस्थ होकर घर जा रहे हैं। इससे एक्टिव मरीजों की संख्या में कमी आ रही है, ये अच्छे संकेत हैं। चौहान आज वीडियो कान्फ्रेंस द्वारा प्रदेश में कोविड-19 की स्थिति और व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश की रिकवरी रेट 75.1 प्रतिशत तथा एक्टिव मरीजों की संख्या 9105 हो गई है। नए 843 मरीज आए हैं वहीं 922 मरीज स्वस्थ होकर घर गए हैं। गत दिवस की तुलना में एक्टिव मरीजों की संख्या में 98 की कमी आयी है। प्रदेश में मृत्यु दर 2.54 है, जिसे न्यूनतम किए जाने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। 

प्रदेश के कोविड अस्पतालों में कोरोना मरीजों के नि:शुल्क उपचार की अच्छी व्यवस्था की गई है। वीडियो कान्फ्रेंस में गृह मंत्री नरोत्तम मिश्र, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मोहम्मद सुलेमान, डीजीपी विवेक जौहरी, प्रमुख सचिव जनसंपर्क शिवशेखर शुक्ला तथा अन्य अधिकारियों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कम लक्षण वाले कोरोना के मरीजों की, उनके घर पर सुविधा होने पर, घर पर ही इलाज की व्यवस्था की जाए। इन मरीजों की घर पर ही नियमित मॉनीटरिंग की व्यवस्था हो। 

गृह मंत्री नरोत्तम मिश्र ने बताया कि दतिया मेडिकल कॉलेज में गत दिनों से डीन अथवा सिविल सर्जन द्वारा वार्डों का भ्रमण नहीं करने की शिकायत प्राप्त हुई है। इस संबंध में मुख्यमंत्री चौहान ने तुरंत कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए। चौहान ने निर्देश दिए कि प्रदेश की सभी जेलों में कोरोना संबंधी स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य रूप से किया जाए। 

गृह मंत्री नरोत्तम मिश्र ने बताया कि ग्वालियर जेल में कोरोना के 30 मरीज पाए गए हैं। मुख्यमंत्री ने जेलों में वार्ड बनाने और इलाज की व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान बताया गया कि प्रदेश में कोरोना के सर्वाधिक 176 नए मरीज इंदौर में पाए गए हें। भोपाल में 100, ग्वालियर में 89, जबलपुर में 54 तथा विदिशा में कोरोना के 28 नए मरीज पाए गए हैं। चौहान ने इन जिलों में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि मरीजों की जल्दी पहचान कर उनका इलाज किए जाने के लिए प्रदेश में कोरोना टैस्टिंग क्षमता लगातार बढ़ाई जा रही है। आज प्रदेश में 21217 टैस्ट किए गए। 

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »