भोपाल। महाशिवरात्रि का पर्व आज मध्यप्रदेश में भी धूमधाम से मनाया जा रहा है। राजधानी सहित प्रदेश भर के शिवालयों में सुबह से ही शिव भक्तों की भींड देखी जा रही है। श्रद्धालु शिवालयों में जल, दूध और बेल पत्र चढ़ाकर भगवान शिव की आराधना में लगे हैं। राजधानी भोपाल के ऐतिहासिक भोजपुर मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इसके अलावा गुफा मंदिर, बिड़ला मंदिर और छोला के राम मंदिर में भी सुबह से ही भक्तों का तांता लगा हुआ है।
राजधानी के अलावा महाकाल की नगरी उज्जैन में भी महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। वहां, कल रात्रि से ही शिव भक्तों के पहुंचने का सिलसिला प्रारंभ हो गया था। खंडवा स्थित ओंकारेश्वर में भी महाशिवरात्रि पर्व पर श्रद्धालुओं की भींड देखी जा रही है। इसके साथ ही प्रदेश के इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, होशंगाबाद, रीवा, सतना सहित अन्य नगरों में महाशिवरात्रि का पर्व बडे ही धूमधाम से मनाया जा रहा है। वहां स्थित शिवालयों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहें हैं।
वहीं, प्रशासन द्वारा भी महाशिवरात्रि के पर्व के मद्देनजर प्रदेश भर में ऐहतियातन सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव, जनसंपर्क मंत्री पी सी शर्मा, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने महाशिवरात्रि के पर्व पर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनकी खुशहाली की कामना की है।