19 Apr 2024, 15:34:34 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

विवेक सागर मध्यप्रदेश सरकार में डीएसपी नियुक्त

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Aug 12 2021 5:16PM | Updated Date: Aug 12 2021 5:16PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

भोपाल। टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक विजेता भारतीय पुरुष हॉकी टीम के युवा होनहार खिलाड़ी विवेक सागर को आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) बनाने और उनके परिवार को एक आवास मुहैया कराने की  घोषणा की। चौहान ने विवेक सागर के सम्मान में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए यह घोषणा की। राज्य के होशंगाबाद जिले के इटारसी के निवासी 21 वर्षीय विवेक सागर ओलंपिक में हिस्सा लेने के बाद आज ही यहां पहुंचे हैं।
 
उनका हवाईअड्डे पर शानदार स्वागत किया गया। सम्मान समारोह में विवेक सागर को मध्यप्रदेश सरकार की ओर से एक करोड़ रुपए की सम्मान निधि भी चेक के माध्यम से मुहैया करायी गयी। चौहान ने कहा कि विवेक सागर को डीएसपी बनाने का आशय यह नहीं है कि वे ऑफिस में बैठेंगे। वे हॉकी ही खेलेंगे और डीएसपी उन्हें सम्मान स्वरूप बनाया गया है। उनके परिवार को उनकी इच्छा के अनुरूप स्थान पर सरकार की ओर से आवास भी मुहैया कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि हॉकी के सहायक प्रशिक्षक शिवेंद्र सिंह को भी 25 लाख रुपए की सम्मान निधि दी जाएगी।
 
उन्होंने सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि राज्य में खिलाडियों को खेल सुविधाओं की कमी नहीं आने दी जाएगी। चौहान ने इस मौके पर कहा कि विवेक ने शानदार उपलब्धि हासिल की है और यह सभी खिलाड़यिों के लिए प्रेरणा की बात है। यह मध्यप्रदेश के लिए ही नहीं, पूरे देश के लिए गौरव का क्षण है। कार्यक्रम में विवेक के माता पिता और अन्य परिजन भी मौजूद थे। 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »