नई दिल्ली। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह ने एफआईएच प्लेयर ऑफ द ईयर का पुरस्कार जीत लिया है। हॉकी इंडिया ने इस पुरस्कार के लिए मनप्रीत को बधाई दी है। मनप्रीत ने पिछले वर्ष जून में ओडिशा के भुवनेश्वर में एफआईएच पुरुष हॉकी सीरीज फाइनल्स के दौरान भारत के लिए अपने 250 अंतर्राष्ट्रीय मैच पूरे किये थे। उनकी कप्तानी में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को फाइनल में हराया था। उनकी कप्तानी और मार्गदर्शन में भारत ने पिछले साल नवम्बर में एफआईएच ओलम्पिक क्वालीफायर्स में रूस को हराकर टोक्यो ओलम्पिक का टिकट हासिल किया था।